बारिश के बाद पूरे उत्तर भारत को ठंड ने जकड़ा
नई दिल्ली/लखनऊ/भोपाल। राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा व कई अन्य राज्यों में भारी बारिश के बाद ठंड ने एक बार फिर उत्तर भारत को जकड़ लिया है। दिल्ली का हाल कुछ ऐसा है कि यहां रह-रह कर बूंदा-बांदी जारी है। ठंडी हवाओं के झोंके के कारण तापमान में गिरावट दर्ज हुई है।
मध्य प्रदेश में ठंड बढ़ी
मध्य प्रदेश में ठंड में हल्की वृद्धि दर्ज की गई हैं। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटे से हो रही बारिश के आगे भी जारी रहने की सम्भावना है। शिवपुरी में सबसे ज्यादा ठंड महसूस की गई जहां न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जम्मू कश्मीर में हुए हिमपात से राज्य में कई स्थानों पर ठंडी हवाएं चल रही हैं तथा बारिश दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान राजधानी भोपाल में पांच मिलीमीटर और ग्वालियर में एक मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों बारिश होने की सम्भावना है तथा ठंडी हवाओं के चलने से तापमान में गिरावट आएगी।

यूपी में ठंड से हाल बेहाल
उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ सहित विभिन्न जिलों में हुई बारिश के कारण एक बार फिर सर्दी बढ़ गई है। न्यूनतम तापमान हालांकि सामान्य से अधिक दर्ज किया है।लखनऊ का न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फरु खाबाद राज्य का सबसे सर्द स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 10.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया। वाराणसी का तापमान 12 और कानपुर का 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
लखनऊ सहित राज्य विभिन्न हिस्सों में हल्की और मध्यम बारिश होने से ठंड की वापसी हो गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे ज्यादा 59.2 मिलीमीटर बारिश बाराबंकी में दर्ज की गई, जबकि लखनऊ, रायबरेली, कानपुर, इलाहाबाद, हरदोई, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़ और कौशाम्बी में 20-50 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान बादल तो छाए रहेंगे, लेकिन कुछ हिस्सों को छोड़कर अधिकतर इलाकों में बारिश की सम्भावना कम है। दोपहर बाद धूप भी खिलने की उम्मीद है।
ये है बिहार का हाल
राजधानी पटना सहित बिहार के कुछ इलाकों में बुधवार को आसमान पर हल्के बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग ने अगले एक-दो दिनों में राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार तापमान में गिरावट भी संभव है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक राजधानी पटना में बुधवार को न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि गया का तापमान 14 डिग्री सेल्सियस और भागलपुर का तापमान 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को पटना का अधिकतम तामपान 27.2 डिग्री सेल्सियस जबकि गया का 28.7 डिग्री सेल्सियस और भागलपुर का 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications