जॉन केरी ने अमेरिकी विदेश मंत्री के रूप में शपथ ली
वाशिंगटन। पिछले चार साल से अमेरिका की विदेश मामलों की समिति के अध्यक्ष जान केरी ने आज अमेरिका के विदेश मंत्री के रूप में शपथ ले ली है। उन्हें अमेरिका की सुप्रीम कोर्ट की न्यायाधीश इलेना कागन ने शपथ दिलाई। शपथ लेने बाद केरी ने कहा कि मैं बेहद सम्मानित महसूस कर रहा हूं और काम करने को लेकर उत्सुक हूं।
जॉन केरी के राजनीतिक कद का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्होने पाकिस्तान से कई बार रिश्ते खराब होने पर ओबामा की मदद की है। अत: ओबामा का उन्हें समर्थन हासिल है। वह भारत के साथ संबंधों को लेकर गंभीर हैं, उनका कहना है कि 21वीं सदी में दोनों देशों के संबंध बेहद महत्वपूर्ण हैं। उनके कार्यकाल में मुख्य चुनौतियां अफगानिस्तान से अमेरिकी सेनाओं की वापसी है। जिसके लिए अमेरिकी सरकार पर काफी दबाव है।

ऐसी संभावना जताई जा रही है कि वह शुरूआती 6 महीने में भारत दौरा भी कर सकते हैं। हालांकि भारत यात्रा की तारीख अभी तय नहीं की गई है। वह भारत से रणनीतिक संवाद करना चाहते हैं। उनका कहना है कि अब दोनों देशों के बीच के संबंधों को अगले दौर में ले जाया जाना चाहिए। संभावना जताई जा रही है कि वह भारत पाकिस्तान संबंधों की बेहतरी के लिए भी प्रयास करेंगे।
इसके पहले अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन का कार्यकाल आज ही खत्म हुआ है। उन्होने अपना त्याग पत्र राष्ट्रपति बराक ओबामा को सौंपा और विदाई भाषण देते हुए अपने सहयोगियों को धन्यवाद दिया और उनके साथ काम करने पर खुशी जताई। उन्होने कहा कि हमने विश्व को मजबूत, सुरक्षित बनाने के लिए जो भी बेहतर किया उससे मैं खुश हूं। मैं आज, पिछले चार वर्षों की तुलना में अधिक आशावादी हूं।












Click it and Unblock the Notifications