शीला दीक्षित के खिलाफ खुलासा करेंगे अरविंद केजरीवाल
नई दिल्ली। इंडिया अगेंस्ट करप्शन के पूर्व कार्यकर्ता और आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल आज दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के खिलाफ खुलासे करेंगे। कहा जा रहा है कि यह खुलासा शीला दीक्षित और बिजली कंपनियों द्वारा मिलकर किये गये घोटालों के बारे में है। केजरीवाल ने पहले भी आरोप लगाये है कि मुख्यमंत्री शीला दीक्षित और बिजली कंपनियों ने मिलकर घोटाले किये हैं, आज वह यह बतायेंगे कि यह पैसा किन-किन लोगों के खातों में गया है।
केजरीवाल ने पिछले दिनों कहा था वह दिल्ली सरकार द्वारा किये गये घोटालों का पर्दाफाश करेंगे। जिसमें वह बिजली और पानी के घोटालों से शुरूआत करना चाहते हैं। केजरीवाल ने अब तक नितिन गडकरी, रॉबर्ट वाड्रा और मुकेश अंबानी के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों का खुलासा किया है।
केजरीवाल ने रॉबर्ट वाड्रा पर अपने राजनीतिक सम्बंधों का गलत इस्तेमाल कर धन कमाने का आरोप लगाया था जिसे कांग्रेस ने झुठला दिया और रॉबर्ट के खिलाफ कोई जांच नहीं हुई थी। केजरीवाल ने ही नितिन गडकरी पर भी आरोप लगाये थे जिसके कारण उन्हें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का दूसरा कार्यकाल नहीं मिल सका।
फिलहाल केजरीवाल के इस कदम को शीला दीक्षित द्वारा दायर उस याचिका का जवाब माना जा रहा है जिसमें दिल्ली की मुख्यमंत्री ने अरविंद केजरीवाल पर मानहानि का आरोप लगाया था। अदालत ने मामले को संज्ञान में लेते हुए 20 मार्च को केजरीवाल को आरोपी के तौर पर बुलाया है। याचिका में कहा गया है कि एक टीवी कार्यक्रम में केजरीवाल ने शीला दीक्षित के खिलाफ गलत भाषा का इस्तेमाल किया था।













Click it and Unblock the Notifications