बवाल के बाद शिवसैनिकों ने शिवाजी पार्क से हटाया बाला साहब का स्मारक
मुंबई। आर्थिक राजधानी मुंबई के शिवाजी पार्क में तमाम बवाल के बाद आखिरकार शिवसैनिकों ने बाला साहब ठाकरे का अस्थाई स्मारक हटा लिया। सोमवार की मध्य रात्रि शुरू हुआ बवाल मंगलवार की सुबह जाकर थमा। हालांकि अभी भी स्मारक हटाने का थोड़ा काम बाकी है, जिसे आज शाम तक पूरा कर लिया जायेगा।
कल रात शिवाजी पार्क में जो हुआ उससे मीडिया को दूर रखा गया। वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शी ने वनइंडिया को बताया कि रात करीब 12 बजे तक सैंकड़ों शिवसैनिक मौके पर पहुंच गये। इस बीच वो अपने साथ सीमेंट, मौरंग, ईंट और बालू लेकर गये थे। वे असल में शिवाजी पार्क में स्थित अस्थाई स्मारक को उस स्थान से हटा कर एक दूसरे स्थान पर बनाना चाहते थे। यह खबर मिलते ही मुंबई पुलिस के एडिशनल कमिश्नर प्रवीण सालुके के साथ कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते फोर्स भी बढ़ा दी गई।

रात को शिवसेना के भी कई नेता मौके पर पहुंच गये। नेता तो स्मारक को पूरी तरह हटाने के लिये राजी थे, लेकिन कार्यकर्ता नहीं। रात भर चले हंगामे के बाद सुबह करीब 5 बजे शिवसैनिक राजी हुए और स्मारक हटाने का काम शुरू हुआ। यह स्मारक उस जगह पर बना हुआ है, जिस जगह पर बाला साहब का अंतिम संस्कार किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications