फेसबुक पोस्ट पर शाहीन के समर्थन मे आज़म खां

उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री मोहम्मद आजम खां ने शिव सेना के प्रमुख रहे बाला साहेब ठाकरे की मृत्यु के बाद फेसबुक पर टिप्पणी करने के आरोप में दोनो लड़कियों की गिरफ्तारी की निन्दा की। आजम खां ने कहा कि दोनो लड़कियों की गिरफ्तारी से कांग्रेस का दोहरा चरित्र उजागर हो गया है। उनका कहना है कि लड़कियों की गिरफ्तारी से एक बार फिर बोलने की आजादी पर सवाल उठने लगे हैं। आजम खां ने कहा कि लड़कियों की गिरफ्तारी ने तय कर दिया है कि देश में दो तरह का कानून चल रहा है जिसे कांग्रेस का संरक्षण प्राप्त है।
उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस को कोई बात बुरी लगती है तो पुलिस उस पर कार्रवाई कर देती है यदि नहीं लगती तो पुलिस चुप्पी साधे बैठी रहती है फिर चाहे कितना भी बड़ा अपराध क्यों न हो जाए। उनका कहना था कि श्री ठाकरे की मृत्यु के बाद मुम्बई जिस तरह बन्द की गयी उस पर सवाल तो उठने ही चाहिये। इस सवाल को यदि वहां की दो लड़कियों ने सोशल नेटवॄकग साइट फेसबुक के जरिये उठाया तो कौन सी गलती की।
गौरतलब है कि ठाकरे के निधन पर मुम्बई बन्द को लेकर शाहीन और रेनू नाम की दो लड़कियों ने सवाल खड़ा कर दिया था। उसके बाद पुलिस ने उन्हे गिरफ्तार कर लिया हालांकि उन्हे थोड़ी देर में ही थाने से ही जमानत पर छोड़ दिया गया था। इस मामले को लेकर देशव्यापी बहस छिड़ गयी है। ज्ञात हो कि भारतीय प्रेस परिषद ने लड़कियों को गिरफ्तार करने वाले पुलिस वालों की ही गिरफ्तारी की मांग उठा दी।












Click it and Unblock the Notifications