प्रधानमंत्री नहीं बन पाने का मलाल नहीं: आडवाणी

अपने राजनीतिक जीवन के अंतिम पड़ाव पर चल रहे आडवाणी का पीएम बनने का सपना अब लगभग पूरी तरह धुंधला पड़ चुका है, लेकिन उनकी राजनीतिक समझ पार्टी को दिशा दिखाने के लिये काफी है।
आडवाणी ने अपने 85वें जन्मदिन पर बुधवार को मीडिया से बातचीत में अपने जीवन के कई महत्वपूर्ण पलों की चर्चा की। इस दौरान जब उनसे यह सवाल किया गया कि क्या उन्हें पीएम नहीं बन पाने का अफसोस है, तो उनकी आंखों में पानी जरूर दिखा, लेकिन जुबां पर शब्द कह रहे थे कि उन्हें कोई अफसोस नहीं। उन्होंने कहा कि नेता विपक्ष के तौर पर उन्होंने जो कुछ भी किया वो उससे संतुष्ट हैं।
गडकरी से रिश्तों पर पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह सब फिजूल की बाते हैं। भाजपा के अंदर कोई भी ऐसा व्यक्ति नहीं है, जिसके साथ मेरे संबंध खराब हों। मीडिया के इस सवाल का साक्षात जवाब उनके इस बयान के थोड़ी ही देर बाद तब मिला जब गडकरी उन्हें जन्मदिन की बधाई देने घर पहुंचे। गडकरी ने भी कहा कि ये सब विरोधी दलों की भाजपा को बदनाम करने के स्टंट हैं।


Click it and Unblock the Notifications
