एनसीपी की बैठक में क्या पावर दिखा पायेंगे पवार?

गुरुवार को पवार ने संकेत दिये थे कि उनके भतीजे अजित पवार का इस्तीफा स्वीकार कर लिया जायेगा। लेकिन अंतिम फैसले से पहले आज शाम को 4 बजे उन्होंने एक बैठक बुलायी है। इस बैठक में उन आरोपों पर चर्चा होगी, जो अजित पर लगे हैं। अजित पर 1999-2009 तक बतौर सिंचाई मंत्री 20,000 करोड़ के घोटाले का आरोप है।
इन आरोपों के तुरंत बाद 19 एनसीपी मंत्रियों ने राज्य कैबिनेट से इस्तीफे की पेशकश कर दी है। इससे राज्य में राजनीतिक हलचल मची हुई है। हालांकि अजित पवार के समर्थक नहीं चाहते हैं कि वो उपमुख्यमंत्री पद से नीचे उतरें।
इस पूरे मामले में कांग्रेस भी बुरी तरह उलझी हुई है, वो इसलिये क्योंकि अगर अजित के साथ मंत्रियों ने इस्तीफे दिये, तो सरकार गिर जायेगी। लिहाजा पृथ्वीराज चव्हाण और कांग्रेस प्रमुख मानिकराव ठाकरे लगातार बैठकें कर रहे हैं। यहां तक कांग्रेस आलाकमान ने भी कई जगह हस्तक्षेप किया है।
कुल मिलाकर बात अब एनसीपी के भीष्म पितामाह शरद पवार पर अटकी है। इस राजनीतिक भूचाल को सिर्फ वही रोक सकते हैं। अब देखना यह है कि आज की बैठक में वो क्या हल निकालते हैं। जाहिर है, वो इस समय कांग्रेस को नाराज नहीं कर सकते, क्योंकि केंद्र में भी कांग्रेस गठबंधन वाली सरकार चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications