अनुपम खेर सहित 23 हस्तियों ने की अनशन तोड़ने की अपील

अनुपम ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन की सार्थकता अभी खत्म नहीं हुई है। अभी तो ये अंगडाई है, आने वाले समय में पीढि़यों के लिए यह बड़ी लड़ाई है। इस मौके पर अनुपम समेत 23 जानी मानी हस्तियों ने गांधीवादी कार्यकर्ता अन्ना हजारे, अरविंद केजरीवाल और गोपाल राय समेत टीम अन्ना से अनशन तोड़ने की अपील की। कुछ आनी मानी हस्तियों ने टीम अन्ना से पत्र के जरिये अपील की।
अनुपम ने कहा कि टीम अन्ना से सरकार का बात न करना वाकई शर्मनाक है। उनके अनशन को 9 दिन बीत जाने के बावजूद सरकार की तरफ से कोई पहल शुरू नहीं हुई है। संबोधन के दौरान अनुपम ने टीम अन्ना से अनशन तोड़ने की अपील की। गौरतलब है कि अन्ना हजारे, अरविंद केजरीवाल और गोपाल राय की तबीयत बिगड़ती जा रही है। डॉक्टरों ने उनको भर्ती होने की सलाह दी है। अनशनरत सदस्यों की तबीयत दिनोंदिन बिगड़ती ही जा रही है।
गौरतलब है कि सहयोगियों का स्वास्थ्य बिगड़ने के बीच सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने आज चेतावनी दी कि यदि यहां जंतर मंतर पर अनशन पर बैठे कार्यकर्ता जबरन हटाए गए तो वह सरकार से कोई बातचीत नहीं करेंगे। हजारे और अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि उन्हें इस तरह की साजिश दिखाई दे रही है कि मजबूत लोकपाल के लिए चलाए जा रहे आंदोलन को खत्म कराने के लिए कार्यकर्ताओं को जबरन अस्पताल ले जाया जा सकता है।
इस बीच टीम अन्ना के अनशन के आठवें दिन अरविंद केजरीवाल और गोपाल राय की तबियत बिगड़ गई है। केजरीवाल ने कहा कि यदि उन्हें जबरन ले जाया जाता है तो उन्हें अनशन स्थल से बाहर निकालने की जिम्मेदारी प्रदर्शनकारियों की है। सरकार की ओर से बातचीत के कोई संकेत नहीं मिलने से चिंतित टीम अन्ना के सदस्यों ने आज सुबह आगे की रणनीति पर चर्चा की और कड़ा रुख अख्तियार करने का फैसला किया।












Click it and Unblock the Notifications