रिश्वत लेते आर्मी के ब्रिगेडियर को किया सीबीआई ने गिरफ्तार

सीबीआई के मुताबिक, सीएसडी में जॉइंट जनरल मैनेजर ब्रिगेडियर विकास रंजन दासचौधरी को संकल्प कंस्यूमर प्रॉडक्ट्स के डायरेक्टर मिलिंद गोविलकर से 1.25 लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया।
एजेंसी ने एक बयान में कहा कि निजी कंपनी ने अनधिकृत रूप से खुद को मार्केटिंग शाखा और दूसरी कंपनियों के प्रतिनिधि के तौर पर पेश किया।गोविलकर ने सीएसडी के अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर सीएसडी की वस्तुओं की मांग में हेरफेर किया। उसने ऐसा संकल्प के क्लाइंट्स के पक्ष में किया।
सीबीआई का कहना है कि दासचौधरी कैंटीन के लिए सामान की खरीदी करने में संकल्प को प्राथमिकता देते थे। जिसके एवज में संकल्प द्वारा उन्हें बड़े पैमाने पर घूस दी जाती थी। सीबीआई ने उक्त दोनों की गिरफ्तारी के बाद देश भर में इन दोनों के 20 ठिकानों पर छापे मारकर बड़ी नकदी व जेवरात बरामद किए हैं ।
मिलिट्री कैंटीन के नाम से जानी जानेवाली सीएसडी का मुख्यालय मुंबई में है, जबकि इसके डिपो पूरे देश में स्थित मिलिट्री संस्थानों में हैं। देशभर में पांच क्षेत्रीय प्रबंधन कार्यालयों के अंतर्गत 3,825 कैंटीनों से थलसेना, वायुसेना एवं नौसेना के जवान एवं अधिकारी छोटे-मोटे घरेलू सामानों से लेकर मोटरकार तकरियायती दरों पर खरीद सकते हैं। इन कैंटीनों में पहले भी भ्रष्टाचार के मामले सामने आते रहे हैं। इस बार सीबीआई ने दासचौधरी एवं गोविलकर पर भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम व आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया है।












Click it and Unblock the Notifications