अब मुस्लिम इलाकों के थानों में होंगे मुस्लिम दरोगा और दीवान
दिल्ली। सच्चर कमेटी की एक अत्यंत महत्त्वपूर्ण सिफारिश को स्वीकारते हुए केंद्र ने राज्यों से अनुरोध किया है कि राज्य के जो इलाके मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र है वहां के पुलिस थानों में कम से कम एक मुस्लिम पुलिस अधिकारी की तैनाती हो। केंद्रीय गृह सचिव आरके सिंह ने राज्यों के मुख्य सचिवों को भेजे संदेश में आग्रह किया है कि वे इस महीने के अंत तक इस बारे में स्थिति रिपोर्ट भेजें।

गौरतलब है की सच्चर समिति का गठन नौ मार्च 2005 को किया गया था । जिसके अंतर्गत न्यायमूर्ति राजेन्दर सच्चर इसके अध्यक्ष बनाये गए थे। उन्होंने भारत में मुसलमानों की आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षिक स्थिति पर व्यापक रिपोर्ट तैयार की।
समिति ने सिफारिश की थी कि मुस्लिम समुदाय के लोगों के बीच विश्वास कायम करने के लिए अधिक मुस्लिम आबादी वाले क्षेत्रों के थानों में कम से कम एक मुस्लिम पुलिस अधिकारी की तैनाती होनी चाहिए।
आपको बताते चलें की उस समय समिति ने सिफारिश की थी कि राज्य के मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों के थानों में कम से कम एक मुस्लिम इंस्पेक्टर या सब इंस्पेक्टर होना चाहिए। राज्यों को चार साल पहले भेजे पत्र की याद दिलाते हुए आरके सिंह ने उनसे एक बार फिर आग्रह किया कि समिति की सिफारिश के मद्देनजर उचित कार्रवाई कर गृह मंत्रालय को इससे अवगत कराएं। सिंह ने राज्यों से यह भी कहा है कि वे दिसंबर में स्थिति का जायजा लें और हर छमाही गृह मंत्रालय को स्थिति रिपोर्ट भेजने की परंपरा शुरू करें।












Click it and Unblock the Notifications