राहुल गांधी बंद कमरे में तैयार कर रहे प्लान 2014

इस क्रम में वे यूपी के भी कई सांसदों से मुलाकात कर चुके हैं। बताया जा रहा है कि जिन राज्यों में चुनाव होंने हैं औऱ जहां चुनाव संपन्न हो चुके हैं वहां के भी सांसदों से वे कांग्रेस की जमीनी हकीकत जानने की कोशिश कर रहे हैं जिससे एक मजबूत कांग्रेस खड़ी की जा सके और उसे 2014 में भुनाया जा सके।
सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी के इस पहल से सबसे ज्यादा खुश सांसद हैं जो कार्यकर्ता के रूप में तो काम बहुत करते हैं पर पार्टी के निर्णय में
वे भागीदार नहीं बन पाते। साथ ही चुनाव के दौरान किस प्रकार कि रणनीति बनाई जाए इसे बताने से भी वे महरूम रह जाते हैं। हालांकि वे चाहते हैं कि उनकी भी बात उच्च पदाधिकारियों तक पहुंचे पर राज्य के कुछ बड़े पदाधिकारी ऐसा नहीं होने देते।
पार्टी के सांसद और विधायक जिनके पास पार्टी के लिए भला करने के लिए बहुत कुछ प्रस्ताव है पर वे इस प्रस्ताव पर मुहर नहीं लगवा पाते। ये पदाधिकारी इसी बात से खुश हैं कि चलिए पार्टी में ऐसा भी तो कोई हुआ जो उनकी भी सुनेगा। एक विधायक ने कहा कि चलिए अब दीवार टूटी है अब हम खुलकर पार्टी के बारे में राय रख सकेंगे। बताया जा रहा है कि एआईसीसी भी इस प्रकार की पहल की मुरीद है औऱ संभव है कि राहुल को संगठन में एक बडी़ भूमिका दी जाए। और यही कारण है कि वे सांसदों से संगठनात्मक स्तर पर और सुधार के लिए मुलाकात कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि यूपी में कांग्रेस की बुरी गत के बाद विपक्षी पार्टियों ने राहुल पर हमला करना शुरू कर दिया था कि अब राहुल का तिलिस्म टूट चुका है और उनका जलवा खत्म हो चुका है पर सूत्र बता रहे हैं कि राहुल एक बार फिर लोकसभा चुनाव, 2014 की तैयारियों में जुट गए हैं और आने वाले दिनों में सबसे पहला बदलाव संगठन स्तर पर देखने को मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications