पूर्व सीएमओ के बाद आईएएस प्रदीप शुक्ला गिरफ्तार

आईएएस प्रदीप शुक्ला को अमौसी हवाई अड्डे से उस समय हिरासत में लिया गया जब वह दिल्ली जाने की फिराक में थे। सूत्रों का कहना है कि उन्हें इस बात का अंदेशा हो गया था कि उनकी गिरफ्तारी हो सकती हैजिससे बचने के लिए वह दिल्ली निकल जाना चाहते थे लेकिन वह दिल्ली जा पाते इससे पहले ही सीबीआई ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
करोड़ों के एनआरएचएम घोटाले में अब तक हिरासत या गिरफ्तार किये गये लोगों में श्री शुक्ला सबसे बड़े अधिकारी हैं। शुक्ला मायावती सरकार के दौरान स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव थे। सीबीआई ने तीन दिन पहले ही पूर्व सीएमओ को गिरफ्तार किया था और आज पूर्व प्रमुख सचिव सीबीआई के घेरे में आ गये।
सीबीआई की विशेष अदालत के आदेश पर डा. एके शुक्ला आज से दो दिनों के पुलिस रिमांड पर हैं। उन पर पूर्र्व सीएमओ परिवार कल्याण डा. बीपी सिंह व डा. विनोद कुमार आर्या की हत्या का षणयंत्र रचने का आरोप है। इन दोनों की हत्या के आरोप में गिरफ्तार उप मुख्य चिकित्साधिकारी डा.वाई एस सचान की रहस्यमय परिस्थितियों में जून 2011 को जेल में मृत्यु हो गयी।
एनआरएचएम से जुडे घोटाले को लेकर अब तक छह मौतें हो चुकी हैं। सीबीआई सूत्रों के अनुसार अब पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अनंत कुमार मिश्र और डा.ए.के. शुक्ला के कार्यकाल में उप मुख्य चिकित्साधिकारी रहे एक डाक्टर पर जांच एजेंसी की नजर है। इन दोनों से सीबीआई कई बार पूछताछ कर चुकी है।
एनआरएचएम घोटाले में पूर्व मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा एवं बसपा विधायक राम प्रसाद जायसवाल समेत कई अधिकारी तथा दवा व्यवसायी जेल में बंद हैं। हालांकि प्रदीप शुक्ला की गिरफ्तारी के बाद सीबीआई इस हत्याकाण्ड व घोटाले की कई परते खोल सकने का दावा कर रही है लेकिन श्री शुक्ला की गिरफ्तारी के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कम्प मचा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications