23 अप्रैल को बंद रहेंगे देश भर के पेट्रोल पंप

सबसे पहला समर्थन दिया है हरियाणा पेट्रोल पंप डीलर एसोसिएशन ने। गुरुवार को जींद के एक होटल में हुई आल हरियाणा पेट्रोल पंप डीलर एसोसिएशन की राज्य स्तरीय बैठक में इसका फैसला लिया गया। बैठक की अध्यक्षता राज्य अध्यक्ष दिनेश गोयल ने की। पेट्रोल पंप संचालक महंगाई के अनुरूप डीलर कमीशन बढ़ाने की मांग कर रहे हैं और अधिक से अधिक नए पंप लगाने का विरोध किया जा रहा है। चेतावनी दी गई है कि पंप डीलरों की मांगों पर केंद्र सरकार व तेल कंपनियों ने ध्यान नहीं दिया तो 29 अप्रैल की रात से अनिश्चित हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।
बैठक में डीलर्ज एसोसिएशन के राज्य प्रधान दिनेश गोयल ने कहा कि महंगाई के अनुरूप पंप संचालकों का कमीशन बढ़ाया जाना चाहिए। सितंबर 2010 में बनाई गई कमेटी की सिफारिशों को पूरी तरह लागू किया जाए। अंधाधुंध लगाए जा रहे नए पंपों का लगाना रोका जाए। उन्होंने कहा कि नए पंप लगाए जाने में पंप अलाटमेंट, पंप लगाए जाने के ठेको में, पंपो के लिए मशीन एवं टैंक खरीदने में एवं लगाना शुरू करने से तैयार होने तक भ्रष्टाचार होता है।
हरियाणा में सभी कंपनियों के 1800 के करीब पंप लगे हुए हैं। अब लगभग 3200 नए पंप लगाने का विज्ञापन दिया जा चुका है। एक तरफ तेल कंपनियां मोटा नुकसान होना बताकर तेल भाव बढ़ाने पर आमादा रहती हैं, वहीं लगातार नए पंप खोलने की होड़ इनमें लगी रहती है। पहले पंप संचालकों के पास ही इतनी भीड़ नहीं लगती तो नए पंप खोलने की जरूरत क्या है।
महासचिव एमसी गुप्ता ने कहा कि नए पेट्रोल पंप लेने के लिए लोगों में आकर्षण है, लेकिन बाद में यह उनकी परेशानी भी बनता है। प्रदेश में हड़ताल का समर्थन कर 22 अप्रैल की मध्य रात्रि से 23 अप्रैल की मध्य रात्रि तक हड़ताल रखी जाएगी। बैठक में धर्मपाल गुप्ता पानीपत, आनंद गोयल हिसार, गुरप्रीत सिंह फतेहाबाद, राजसिंह दहिया सोनीपत, महेंद्र वर्मा रोहतक, उपप्रधान जींद ईश्वर मलिक, प्रमोद सागर जैन, सुकेश जैन, प्रेम गोयल, प्रवक्ता नरेश भनवाला आदि ने विचार व्यक्त किए।












Click it and Unblock the Notifications