मर्सडीज पर सवार नशेड़ियों ने पुलिसवालों को उड़ाया
सूत्रों ने बताया कि हादसा पश्चिम विहार के बी-1 ब्लॉक में हुआ। मारे गए कांस्टेबल की पहचान दीपक (38) के रूप में की गई है। हादसे में 24 वर्षीय कांस्टेबल भी घायल हुआ है। हादसे के वक्त दोनों कांस्टेबल गश्त पर थे। कारोबारी गुरदीप सिंह कथित तौर पर कार चला रहे थे। सिंह दक्षिणी दिल्ली और गुड़गांव में कई रेस्तरां के मालिक हैं। सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके खिलाफ गैर इरादतन हत्या एवं तेज रफ्तार तथा लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है।
बताया जा रहा है कि गुरदीप अपनी महिला दोस्त को पश्चिम विहार छोड़कर वापस अपने घर ग्रेटर कैलाश आ रहा था। पुलिस गुरदीप की मेडिकल जांच का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही यह पता चल पाएगा कि उसने कोई नशा तो नहीं किया था। हालांकि पुलिस सूत्रों का कहना है कि उसने दारू जरूर पी रखी थी। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।