चौधरी चरण सिंह के नाम बाकी है पानी-बिजली का बिल

सूचना के अधिकार (आरटीआई) याचिका के जवाब में बताया गया है कि नई दिल्ली नगर निगम (एनडीएमसी) का सांसदों पर बिजली और पानी मद के 6.27 करोड़ रुपये से अधिक के 3 हजार 335 बिलों का भुगतान बाकी है। इस सूची में लोकसभा और राज्यसभा दोनों के वर्तमान और पूर्व सदस्यों के नाम शामिल हैं।
इनमें पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह और पीवी नरसिम्हा राव के अलावा दिवंगत हो चुके मंत्री राजेश पायलट, सुनील दत्त भी हैं। इस सूची में जनेश्वर मिश्र, चतुरानन मिश्र जैसे कई लोगों के नाम हैं जो अब इस दुनिया में नहीं रहे। चौधरी चरण सिंह के नाम पर सर्वाधिक 34 लाख रुपये फोन बिल का बकाया है। आरटीआई कार्यकर्ता सुभाष अग्रवाल को एनडीएमसी ने जो सूचना दी है उसमें पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा, भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, राज्यसभा के पूर्व सदस्य और जनता पार्टी अध्यक्ष सुब्रमण्यम स्वामी का नाम भी बकाएदारों की सूची में है।
वर्ष 2008 में इस मुद्दे पर एक लोकहित याचिका की सुनवाई के दौरान लोकसभा सचिवालय ने दिल्ली हाई कोर्ट को बताया था कि एक सांसद के वेतन और पेंशन से बकाया वसूला गया है। उसमें यह भी बताया गया था कि कई मामलों में बकाया बहुत अधिक है और पूरी राशि वसूलने में लंबा समय लगेगा। सरकारी दूरसंचार कंपनी एमटीएनएल ने भी यह कहा है कि उसे वर्तमान एवं पूर्व सांसदों से बकाया वसूलने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। ऐसा इसलिए कि बकाया वसूली प्रक्रिया के तहत उसे देश के विभिन्न हिस्सों में याचिका दायर करना पड़ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications