एमसीडी चुनाव के लिए पार्टियों ने कमर कसा

सूत्र बता रहे हैं कि टिकटों के बंटवारे को लेकर बहुजन समाज पार्टी व समाजवादी पार्टी में गहमागहमी मची हुई है। बीएसपी के प्रदेश अध्यक्ष ब्रह्म सिंह बिधूड़ी स्पष्ट कर चुके हैं पार्टी भी संभावित प्रत्याशियों की लिस्ट फाइनल कर चुकी है , लेकिन उस पर मुहर पार्टी सुप्रीमो मायावती लगाएंगी। उनसे संपर्क साधा जा रहा है, वहां से हरी झंडी मिलते ही प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। दिल्ली के एसपी नेताओं का भी कहना है कि उनके प्रत्याशियों का टिकट भी लखनऊ से फाइनल होकर आएगा। दोनों पार्टी नेताओं के अनुसार आगामी दो दिनों में प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी की जा सकती है।
उधर, निगम चुनावों में टिकट बंटवारे को लेकर प्रदेश कांग्रेस की बनाई कमेटियां फाइनल एक्सरसाइज कर चुकी हैं , लेकिन प्रत्याशियों के नामों पर मुहर पार्टी की एपेक्स कमेटी ही लगाएगी। इसलिए टिकटों को लेकर अभी भी घमासान मचा हुआ है। अपनी टिकट फाइनल कराने के लिए कई लोग अभी भी लामबंदी करने में लगे हुए हैं। माना जा रहा है कि नामांकन के अंतिम दिन ही पार्टी प्रत्याशियों की घोषणा करेगी। प्रत्याशी चुनने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जयप्रकाश अग्रवाल ने सात संसदीय चुनाव समितियों का गठन किया है। पार्टी की ओर से प्रत्याशियों को लेकर बनाई गई इस कवायद से ऐसा लग रहा है कि कांग्रेस में टिकटों को लेकर कोई झंझट नहीं है। लेकिन बताते हैं कि अंदरूनी तौर पर पार्टी में खासा घमासान मचा हुआ है। हालत यह है कि टिकटों को लेकर इलाके के सांसद , विधायक अलग - अलग गुप्त बैठकें कर रहे हैं और उनमें प्रत्याशियों की संभावित लिस्ट बनाई जा रही है। ऐसी शिकायतें मिल रही हैं कि दो कमेटी की बैठकों में सांसदों ने अपनी चलाई और विधायकों आदि द्वारा प्रत्याशियों के सुझाए नामों को तरजीह नहीं दी। ये असंतुष्ट नेता अपनी लिस्ट एपेक्स कमिटी को सौंपेंगे और बताएंगे कि उनकी लिस्ट ही असली है।












Click it and Unblock the Notifications