बाग्लादेश: जहाज डूबने से 26 की मौत, 150 लापता

इनलैंड वाटरवेज पैसेंजर कैरियर एसोसिएशन के अध्यक्ष बडीउज्जमां बादल ने प्रेट्र को बताया कि 50 यात्री तैर कर किनारे आ गये या निकटवर्ती मछली पकड़ने की नौकाओं और दो अन्य नौकाओं की मदद से बचा लिये गए, लेकिन 150 यात्रियों के लापता होने का डर है। अधिकारियों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह त्रासदी उपनगर मुंशीगंज इलाके में मेघना नदी में तब हुयी जब नौका सामने से आ रहे एक तेल टैंकर से टकरा गयी।
उन्होंने बताया कि डबल डेक एमवी शरियातपुर-एक पश्चिमी शरिआतपुर से ढ़ाका सदरघाट टर्मिनल की ओर लौट रही थी तभी आज सुबह तीन बजे तेल टैंकर के साथ यह टकरा गयी। त्वरित राहत अभियान में जुटे एक अन्य नौका चालक ने एक टेलीविजन चैनल से कहा कि मैंने लोगों को तैरते हुए देखा, हमने उनमें से कई को बचा लिया।
बांग्लादेश अंतर्देशीय जल परिवहन प्राधिकरण (बीआईडब्लूटीए) के अधिकारियों ने बताया कि बचाव नौका मौके पर पहुंच गयी है और उसने दुर्घटनाग्रस्त नौका का पता लगा लिया है जो बीच नदी में 70 फुट नीचे चली गयी है। सुरक्षित बचे एक व्यक्ति ने टीवी चैनल से कहा कि तेल टैंकर से टक्कर के बाद नौका तुरंत ही डूबने लगी, नौका में कम से कम 30 नाबालिग बच्चे अपने अभिभावकों के साथ इसमें सवार थे।
अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की वास्तविक संख्या के बारे में पुष्टि नहीं हो सकी है क्योंकि नौका में यात्रियों के बारे में कोई सूची नहीं तैयार की गयी थी, लेकिन करीब 300 लोग उस पर सवार थे। त्रासदी के बाद लापता लोगों की संख्या के बारे में भी कोई पुष्टि नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि अधिकांश यात्री शरियातपुर के रहने वाले थे जो राजधानी में काम-धंघे के सिलसिले में आ रहे थे। परिजनों के हवाले से शरियातपुर जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने कहा कि लापता तीन लोग बांग्लादेश मूल के अमेरिकी नागरिक थे जो अपने गांव से वापस अमेरिका जा रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications