75 फीसदी मतदान हो तो बने बात
अब आयोग इन मतदाताओं को भी मतदान केंद्र तक लाने की कोशिश करेगा। आयोग जल्द ही मतदाताओं को वोट डालने के दौरान आई परेशानियों का पूरा ब्योरा तैयार करेगा। इस बाबत पूरी जानकारी एकत्र करने और बारीकी से उनका विश्लेषण करने के बाद आयोग आने वाले चुनावों में और अधिक मतदाताओं को बूथ तक लाने की रूपरेखा तैयार करने में जुट गया है।
उत्तर प्रदेश की जनता रिकार्ड 60 फीसदी मतदान कर फर्स्ट डिवीजन में पास हो गई पर आयोग चाहता है कि आगे होने वाले तमाम चुनावों में मतदान प्रतिशत और बढ़े। यानि मतदान का प्रतिशत 75 फीसदी हो। दरअसल 2007 में हुए चुनावों में प्रदेश में मतदान का प्रतिशत सिर्फ 45 फीसदी रहा था। नए वोटरों के साथ इस बार यह आंकड़ा 60 फीसदी तक पहुंच गया है। ऐसे में आयोग के अधिकारी इसे और बेहतर करने की कवायद में जुट गए हैं।
प्रदेश में अयोग के एक अधिकारी ने बताया कि चुनाव मतदाताओं के लिए अपनी पसंद की सरकार चुनने का एक पर्व है। आयोग की कोशिश है कि इस पर्व में सभी मतदाता अपना वोट डालकर अपनी भूमिका का निर्वाह करें। अधिकारी के अनुसार जल्द ही एक प्रक्रिया तैयार की जाएगी जिसके तहत जिन मतदाताओं ने पिछले दिनों हुए चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं किया उनसे ऐसा न करने की वजह पूछी जाएगी।
सारी जानकारी इकठ्ठी करने के बाद जिन वजहों से आम जनता वोट डालने नहीं गई, उन्हें दूर करने की पूरी कोशिश की जाएगी। ताकि भविष्य में अधिक से अधिक मतदाता अपने वोट डालने के अधिकार का प्रयोग कर सकें। गौरतलब है कि आयोग ने हाल ही में खत्म हुए चुनावों में भी मतदाताओं को अधिक से अधिक संख्या में आकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की थी। आयोग के अधिकारियों ने एक दिन में एक करोड़ लोगों को शपथ भी दिलाई थी कि वह अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।













Click it and Unblock the Notifications