रेलवे की वेबसाइट के हैकर की तलाश में सीबीआई

सूत्रों का कहना है कि सीबीआई टीम ने छानबीन के दौरान गिरोह के सदस्य के फरार हो जाने के बाद उसके डुमरियागंज तहसील मुख्यालय स्थित ट्रेवल एजेन्सी को सील कर दिया जबकि घर और अन्य स्थानों पर छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण अभिलेख जब्त किए। सूत्रों के हवाले से यह सूचना मिली थी कि मुम्बई, दिल्ली और अन्य महानगरों में सक्रिय यह गिरोह रेलवे की वेबसाइट हैक करने वाला साफ्टवेयर इजाद करने के बाद पिछले कई वर्षो से इस धन्धे में सक्रिय था। गिरोह के सदस्य सुबह आठ बजते ही महत्वपूर्ण रेलगाडि़यों के आरक्षण वेबसाइट पर जाकर तत्काल और अन्य टिकटों की बुकिंग कर लेते थे उन पर यात्री का नाम भी ठीक ढंग से उजागर नहीं होता था नाम बाद में डाल दिया जाता था।
इन टिकटों की कालाबाजारी करने के साथ अन्य ट्रेवल एजेंटो को भी इस साफ्टवेयर की बिक्री की जाती थी। सूत्रों ने बताया कि रेलवे ने करोड़ो रुपये के इस घोटाले का खुलासा करने के लिए जब इसकी जांच केन्द्रीय जांच ब्यूरो को सौंपी तो ब्यूरो की टीम ने मुम्बई के उपनगर बटाला में पिछले हफ्ते छापेमारी की तो चार लोग उसके हत्थे चड़े पूछताछ में बहुत बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ। पकड़े गए गिरोह के चार सदस्यों की गिरफ्तारी के साथ सैकडों फर्जी आई डी और वह साफ्टवेयर भी पकड़ा गया जिसके माध्यम से यह गोरखधंधा चलता था। गिरोह के सदस्यों से पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर सीबीआई टीम अब तक कई अन्य महानगरों समेत दूसरे स्थानों पर भी छापेमारी कर चुकी है जिसमें उसे इस गोरखधंधे के अहम सुराग हाथ लगे हैं।












Click it and Unblock the Notifications