सरकार बनते ही सपा समर्थक बने दबंग, गुंडागर्दी शुरू

झांसी की इस घटना में देखते ही देखते सपा कार्यकर्ताओं ने 15 से 20 मीडियाकर्मियों को बंधक बना लिया। यहां पर पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ीं।
आगरा में बसपा के सांसद के घर पर सपाईयों ने पथराव किया और जमकर बवाल काटा। फिलहाल इस घटना के पीछे कारण का पता नहीं चल पाया है।
फिरोजाबाद में एक प्रत्याशी की हार के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने जमकर बवाल काटा। यहां सपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर हमला बोल दिया। इस पर पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ीं। मेरठ में बसपा सांसद के घर पर सपाईयों ने पथराव किया।
वहीं संभल में सपा के कार्यकर्ता उत्पात पर उतर आए। संभल में समाजवादी पार्टी की जीत के जश्न में गोली चलने से एक 7 साल के बच्चे की मौत हो गई है। संभल के क्षेत्राधिकारी (पुलिस) ने मीडिया बातचीत में कहा कि समाजवादी पार्टी की धमाकेदार जीत के जश्न के दौरान फायरिंग की जा रही थी जिसमें एक बच्चे की मौत हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कार्रवाई शुरू कर दी है।
इन घटनाओं पर चुनाव आयुक्त एस वाई कुरैशी ने उत्तर प्रदेश के डीजीपी से बात की और जल्द से जल्द कार्रवाई की सलाह दी। हालांकि चुनाव आयोग का दावा है कि सभी पत्रकार सुरक्षित हैं।
फिलहाल मुलायम या अखिलश यादव की ओर से इन घटनाओं के बारे में कोई बयान नहीं आया है। हां यह जरूर है कि अखिलेश ने प्रेसवार्ता के दौरान गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं किये जाने का दावा किया है। अब सपा के सीएम द्वारा शपथ के बाद क्या होगा यह तो समय ही बतायेगा।












Click it and Unblock the Notifications