मातम में बदली खुशी, सड़क हादसे में तीन की मौत
नरवाना के बेलरखां गांव निवासी कुलदीप की शादी हिसार निवासी रूबी के साथ तय हुई थी। गांव से देर शाम बरात गाजे-बाजे के साथ विदा हुई। एक सूमो में दूल्हे का भाई राजेंद्र सिंह, उसका बेटा शुभम, साला मोहन सिंह, गांव के ही बच्चे अंकित, साहिल, सौरभ, विशाल, होशियार सिंह, सोनू व राममेहर सहित 13 व्यक्ति सवार थे।
वे हिसार की ओर आ रहे थे कि बरवाला से तीन किमी पहले पराली से भरी एक टै्रक्टर-ट्राली के साथ उनकी भिड़ंत हो गई। इसमें दूल्हे के भाई राजेंद्र, उसके साले मोहन व राममेहर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घायलों को हिसार के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया।
हादसे की सूचना मिलते ही पंजाबी धर्मशाला में सजे मंडप में मायूसी छा गई और हर कोई सामान्य अस्पताल की ओर भाग पड़ा। वहीं दूल्हा बने कुलदीप सिंह की हालत भी किसी से देखी नहीं जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शी धूपा सिंह व टेकराम ने बताया कि वह अपना ट्रैक्टर सड़क किनारे खड़ा करके होटल पर खाने के लिए जा रहे थे। आवाज सुनकर जब पीछे मुड़े तो एक क्षतिग्रस्त सूमो तेजी के साथ उनकी ओर आई। इससे पहले ही वह लोग संभल पाते सूमो ने धूपा सिंह को अपनी चपेट में ले लिया। धूपा सिंह को भी घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देर रात पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई थी।













Click it and Unblock the Notifications