मालदीव में विरोध के चलते हुआ तख्तापलट

नशीद ने कहा कि मैं किसी भी मालदीववासी को आहत नहीं करना चाहता। मुझे लगता है कि सत्ता में मेरे बने रहने से समस्याएं सिर्फ बढ़ेंगी और इससे हमारे नागरिकों का नुकसान होगा। इसलिए मेरे सामने सबसे अच्छा विकल्प इस्तीफा देने का है। उनके द्वारा उप राष्ट्रपति मोहम्मद वहीद हसन को सत्ता सौंपे जाने की उम्मीद है। हिन्द महासागर के द्वीप देश में हफ्तों से जारी विरोध प्रदर्शनों के बाद राष्टपति ने इस्तीफा दिया है।
मालदीव अपने शानदार तटीय पर्यटन स्थलों के लिए अधिक जाना जाता है। पूर्व मानवाधिकार कार्यकर्ता नशीद ने देश के पहले बहुदलीय चुनाव में लंबे समय से शासन कर रही हस्ती को हराया था। वह एक पर्यावरणविद भी हैं जिन्होंने जलवायु परिवर्तन से निपटने के उद्देश्य के लिए विश्वभर की यात्रा की है। जलवायु परिवर्तन से समुद्र का जलस्तर बढ़ सकता है और यह द्वीप देश जलमग्न हो सकता है।
नशीद ने फौजदारी अदालत के मुख्य न्यायाधीश को गिरफ्तार करने का आदेश दिया तो उनके खिलाफ लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। न्यायाधीश को इसलिए गिरफ्तार किया गया क्योंकि उन्होंने सरकार के एक आलोचक को रिहा करने का आदेश दिया था और कहा था कि उसकी गिरफ्तारी अवैध है।
मालदीव में पुलिसकर्मियों का एक समूह आदेशों को दरकिनार करते हुए सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों के साथ जुड़ गया। राष्ट्रपति कार्यालय ने इसे विद्रोह करार दिया है। राष्ट्रपति कार्यालय प्रवक्ता इब्राहिम जकी ने कहा कि पिछले तीन हफ्तों से विरोध प्रदर्शन झेल रहे राष्ट्रपति मोहम्मद नाशीद का स्थिति पर पूरा नियंत्राण है।
जकी ने कहा कि पुलिसकर्मियों के एक समूह ने आज सुबह विद्रोह कर दिया। उन्होंने आदेशों का उल्लंघन किया और प्रदर्शनकारियों का समर्थन करने का प्रयास किया। हम उन्हें गिरफ्तार करने की प्रक्रिया में हैं। विपक्षी दल धिवेही कौमी पार्टी के नेता हसन सईद ने कहा कि नाशीद ने नियंत्रण खो दिया और अब उन्हें इन प्रदर्शनों को देखते हुए पद छोड़ देना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications