उत्तर प्रदेश में कल से अभियान शुरू करेगी टीम अन्ना
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले टीम अन्ना ने आज कहा कि वह राज्य में कल से लोकपाल विधेयक पर अपना प्रचार अभियान शुरू करेगी और अनेक राजनीतिक दलों पर इस मुद्दे पर रुख स्पष्ट करने का दबाव बनाएगी। हजारे पक्ष के सदस्यों ने आज जारी बयान में कहा कि वे कल बाराबंकी के फतेहपुर में महादेव तालाब मैदान और गोंडा के रामलीला मैदान में सभाएं करेंगे। टीम अन्ना ने दावा किया है कि वे किसी एक पार्टी को अपने अभियान के दौरान निशाना नहीं बनाएंगे लेकिन मजबूत लोकपाल की जरूरत पर जोर देंगे।
अन्ना हजारे और उनकी टीम के सदस्यों ने पिछले हफ्ते प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, राहुल गांधी और भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी के साथ उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव को इस मुद्दे पर पत्र लिखे थे। प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में उनसे मांग की गयी है कि कमजोर लोकपाल विधेयक को वापस लेने का साहस दिखाएं और मजबूत विधेयक लाएं।
गडकरी से पत्र में सवाल किया गया है कि उनकी पार्टी ने बिहार में नीतीश कुमार सरकार पर उत्तराखंड की तर्ज पर मजबूत लोकायुक्त विधेयक लाने के लिए दबाव क्यों नहीं बनाया जहां भाजपा गठबंधन सरकार में साझेदार है। टीम अन्ना के सदस्य शुक्रवार को फैजाबाद और बस्ती के दौरे पर होंगे।













Click it and Unblock the Notifications