स्कूल बसों में बच्चों को घर बैठे देख पाएंगे अभिभावक

प्रदेश में आए दिन हो रहे सड़क हादसों के कारण अभिभावक चिंतित रहते हैं। लेकिन इस सिस्टम के लग पाने के बाद अभिभावकों की चिंता कुछ हद तक दूर हो जाएगी। इस तरह की विशेष बस इस बार गणतंत्र दिवस की परेड का हिस्सा बनेगी। यह बस दून इंटरनेशनल स्कूल द्वारा तैयार की गई है। इसमें एक विशेष प्रकार का मोबाइल बस सर्विलेंस सिस्टम लगाया गया है। इसमें विशेष प्रकार के 4 चैनल के कैमरे लगाए गए हैं। जो बस के आस-पास की गतिविधियों के साथ-साथ बस के भीतर भी निगाह रखेगी। उनके पास स्क्रीन में सब कुछ आता रहेगा, वहीं पर अभिभावक के पास भी दृश्य लैपटाप पर जाते रहेंगे। अभिभावक बच्चों को स्कूल पहुंचते हुए घर बैठकर देख सकेंगे।
इस स्कूल बस का डीसी नीलम प्रदीप कासनी, एसपी राकेश कुमार आर्य ने निरीक्षण किया। स्कूल प्रबंधक कुलजिंद्र एमएस बाठ ने बताया कि स्कूल बस की बैटरी चलित इस प्रणाली में 4 हाई रिजोलूशन कैमरों द्वारा बस के भीतर और बाहर की परिस्थितियां, वाहन की गति और स्थिति, बस ड्राइवर की वीडियो, आडियो, इनपुट को डिजीटल फार्म में डीवीआर द्वारा रिकार्ड किया जाता है। इस प्रणाली की विशेषता इस प्रणाली का सस्ता होना तथा बस का इंजन स्टार्ट होने पर अपने आप चालू हो जाना है।
दिन व समय की स्थिति के साथ-साथ 6 महीने की रिकार्डिंग हाई पावर डीवीआर के मदर बोर्ड में सुरक्षित रहेगी जो डाटा कार्ड की मदद से बस चलने के समानांतर स्कूल के प्रशासन के कंट्रोल रूम में देखी व नियंत्रित की जा सकती है। इस तंत्र को जीपीआरएस सिस्टम द्वारा आधुनिक गति दी गई है। शिक्षा विभाग द्वारा गणतंत्र दिवस के लिए इसका चयन किया गया। राइट टू एजुकेशन के साथ-साथ सुरिक्षत ट्रांसपोर्ट का नारा दिया गया है। इस मामले में शिक्षा विभाग की उर्वशी बिग ने बताया कि इस प्रणाली को तैयार करने में काफी समय लगा है। उन्होंने कहा कि इस तंत्र को और भी स्कूलों द्वारा लागू करना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications