उड़ीसा से और राज्यों में फैल सकता है बर्ड फ्लू

उन्होंने कहा कि प्रयोगशाला में 17 कौओं में नमूने भेजे गये जिनमें दो में एच5एन1 वायरस की पुष्टि हुई। सूत्रों ने बताया कि खुर्दा, जगतसिंहपुर, पारादीप, अंगुल, मूयरभंज, ढ़कनाल और सुंदरगढ़ में कई कौओं और अन्य पक्षियों के मरने से लोग भयभीत हो गये हैं। सरकार ने कुक्कुटों को मारने का काम प्राथमिकता से शुरू करा दिया है। भारी संख्या में उनको नष्ट किया जा रहा है।
खुर्दा जिले में प्रक्रिया पूरी होने के बाद आज आदिवासी बहुल मयूरभंज जिले में कुक्कुटों को मारने का काम शुरू हो गया। राज्य में बर्ड फ्लू से प्रभावित यह दूसरा जिला है। मत्स्यपालन एवं पशु संसाधन विकास विभाग के एक नोडल अधिकारी ने बताया कि केन्द्र सरकार के निर्देशानुसार मयूरभंज जिले के बेतांती ब्लाक के अंतर्गत बहानादा गांव के तीन किलोमीटर दायरे में कुक्कुटों को मारने का काम शुरू हो गया है।
पहले चरण में सीमांकन वाले इलाके में 31 गांवों में से चार में कुक्कुटों को मारने का काम शुरू हुआ जहां स्थानीय पक्षियों और बतखों के अलावा करीब 5000 कुक्कुट हैं। अधिकारी ने बताया कि समूची प्रक्रिया के करीब चार दिन में पूरा होने की उम्मीद है। इससे पहले एच 5 एन 1 वायरस का पता लगने के बाद खुर्दा जिले के केरंगा इलाके में 31000 कुक्कुटों को मारा गया।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बेतांती इलाके में सभी कुक्कुट स्थानीय हैं जिनमें कुछ दुर्लभ प्रजातियां हैं और इलाके में कोई व्यावसायिक मुर्गी फार्म नहीं है। सूत्रों ने बताया कि अभियान में जिला अधिकारियों के साथ करीब दस त्वरित कार्रवाई दल लगाये गये हैं। इसबीच कटक से एक मिनी ट्रक में रांची ले जाये जा रहे करीब 1600 ब्राइलर पक्षियों को मार डाला गया। प्रशासन ने बहानादा इलाके से मुर्गी उत्पाद को अन्यत्र ले जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है।












Click it and Unblock the Notifications