भ्रष्टाचारियों के साथ राजनीति करना वैश्यावृत्ति के समान: योगी
गोरखपुर। कुशवाहा को टिकट देने के बाद भाजपा में जो घमासान शुरु हुआ है अब वह विकराल रूप लेता नजर आ रहा है। पार्टी में दो फाड़ होने की बात तो पहले ही सामने आ चुकी थी मगर अब आपसी बयानबाजी भी होने लगी है। सांसद योगी आदित्यनाथ ने पहले तो कुशवाहा की इंट्री पर विरोध जताया था मगर अब साफ कह दिया है कि अगर भ्रष्ट नेता पार्टी में रहेंगे तो वो पार्टी में नहीं रहेंगे। भ्रष्टचारियों के खिलाफ वो किसी भी हद तक जा सकते हैं।
सांसद योगीनाथ ने कल कहा था कि बाबू सिंह कुशवाहा को पार्टी में शामिल करना ठीक नहीं है और जनता ऐसे कदम उठाने वालों को करारा जबाब देगी। इसी क्रम में आज एक कदम आगे उठाते हुए योगी ने कहा कि अगर भ्रष्टाचारी लोग पार्टी में रहेंगे तो वे नहीं रहेंगे। उन्होंने कहा कि वे पार्टी से इस्तीफा दे देंगे और जरूरी हुआ तो राजनीति भी छोड़ देंगे। आदित्यनाथ ने कहा कि इस तरह की राजनीति तो वैश्यावृत्ति की तरह है।
आदित्यनाथ ने कहा कि उन्होंने इस बारे में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी को अवगत करा दिया है। और वो इस मुद्दे पर किसी भी हद तक जा सकते हैं। कुशवाहा के मुद्दे पर यूं तो पार्टी के दूसरी पंक्ति के कई नेता खुलेआम सवाल उठा रहे हैं लेकिन ये पहली बार है कि पार्टी के इतने कद्दावर सांसद ने इस मुद्दे पर इस्तीफा देने और राजनीति छोड़ने तक की धमकी दे दी है।













Click it and Unblock the Notifications