हंगामा करने से रोका तो गोली मार दी

पुलिस के अनुसार, दिनेश न्यू सीलमपुर जे-ब्लॉक रविदास मंदिर वाली गली में रहता था। परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। दिनेश की घर के पास ही परचून की दुकान है। बुधवार शाम को वह घर के पास खड़ा हुआ था। इस बीच तीन-चार बदमाश पैदल ही शोर-शराबा करते हुए वहां से गुजरे। बताया जाता है कि इनमें से एक ने हवा में फायरिंग भी की। दिनेश ने जब इसका विरोध किया, तो वह उससे उलझ गए।
इस पर एक बदमाश ने दिनेश पर गोलियां चला दीं। एक गोली दिनेश की गर्दन पर लगी, जबकि दूसरी गोली पास में दरवाजे पर खड़ी नूरबी के जबड़े में जा लगी। वारदात के बाद बदमाश गली में गोलियां चलाते हुए मौके से फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने नूरबी और दिनेश को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने दिनेश को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीलमपुर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। सरेशाम हुई गोलीबारी के बाद इलाके में भारी तनाव पैदा हो गया। गुस्साई भीड़ ने जमकर तोड़फोड़ की। भीड़ ने जे-ब्लॉक में खड़ी एक बाइक को आग लगा दी। गुस्साए लोगों ने मीडिया कर्मियों को भी नहीं बक्शा। गुस्से को देखते हुए किसी प्रकार मीडिया कर्मियों ने भागकर जान बचाई।
इसके बाद भी लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और रास्ते में खड़ी नैनो के शीशे तोड़ दिए। हंगामे को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। देर शाम तक पूरे इलाके में भारी तनाव था। लोग बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त संजय कुमार जैन ने कहा है कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। बदमाशों की पहचान कर ली गई है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications