एक कैंटर क्या खराब हुआ 40 वाहन टकरा गए

सुबह घने कोहरे के चलते एक्सप्रेस वे पर 40 से ज्यादा वाहन आपस में टकरा गए। दरअसल इस एक्सप्रेस वे पर खराब हो कर एक कैंटर खड़ा था और धुंध की वजह से वह दूसरे वाहन चालकों को नजर नहीं आया। इन हादसों में 40 से ज्यादा लोग घायल हो गए, जिन्हें आसपास के अस्पतालों में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस को क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के लिए हाइवे बंद करना पड़ा, जिसके चलते जाम की स्थिति रही।
पुलिस के मुताबिक, सुबह 6:30 बजे ग्रेटर नोएडा से नोएडा जा रहा कैंटर खराब हो गया। इसी बीच एक मारुति कार टैंकर से जा टकराई। इसके बाद एक-एक करके वाहनों का भिड़ना शुरू हो गया। इन हादसों में कई गाड़ियों की हालत ऐसी हो गई कि वे चलने के काबिल नहीं रहीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भिड़ने वाले वाहनों की संख्या करीब 30 से ज्यादा थी। हादसे में 40 से ज्यादा लोग घायल हो गए। दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों को हटाने के लिए पुलिस ने रास्ता बंद करा क्रेन की मदद से रास्ता साफ कराया। ट्रैफिक को पटरी पर लाने में पुलिस को सात घंटे लगे।
दिल्ली में मंगलवार को मौसम का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। इन दिनों पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। मंगलवार को आसमान तो कुछ खुला रहा लेकिन बर्फीली हवा चलती रही। न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। वहीं अधिकतम तापमान 20.4 डिग्री रहा। सीजन का यह सबसे कम अधिकतम तापमान है। इससे पहले 16 दिसंबर को तापमान 4.7 दर्ज किया था लेकिन तब अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस था, इस लिहाज से यह सबसे ठंडा दिन रहा। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को सवेरे कोहरा छाया रहेगा लेकिन न्यूनतम तापमान सात डिग्री के आसपास रहेगा।
पिछले एक दशक में दिसंबर माह में न्यूनतम तापमान 12 दिसंबर 2005 को दर्ज किया गया था। उस दिन न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री दर्ज किया गया था। अधिकतम तापमान दिसंबर माह में 15 दिसंबर 2003 को 28.4 दर्ज किया गया था। इन दिनों उत्तर भारत कोहरे की चादर में लिपटा हुआ है। कोहरे से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार अभी कुछ दिन और कोहरा रह सकता है। घने कोहरे की वजह से ट्रेन और हवाई यातायात पर खासा असर पड़ा है। दिल्ली से 75 उड़ानें कोहरे की वजह से रद करनी पड़ी हैं। 131 ट्रेनें ऐसी हैं जो या दो रद हुई हैं अथवा इनके समय में परिवर्तन किया गया है। कुछ रेलगाड़ियों को कैंसिल भी किया गया है। रेलवे प्रवक्ता का कहना है कि ट्रेनों की गति कोहरे की वजह से 20 किलोमीटर प्रति घंटा रखनी पड़ रही है।वहीं दिल्ली एअरपोर्ट के अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की दिक्कतों को कम से कम करने के प्रयास किए जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications