रिटायर्ड सेक्शन अधिकारी की हत्या कर लूटपाट

वारदात के समय महिला ऊपरी मंजिल पर अकेली थी। उनके पति ग्राउंड फ्लोर पर अपने क्लब में र थे। मामले की जानकारी तब हुई, जब उनके पति ऊपर गए। डॉग स्क्वायड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच की। शक के आधार पर पुलिस ने नौकर को हिरासत में लिया है।
योगराज जुनेजा (83) यूपीएससी में अंडर सेक्रेटरी पद से सेवानिवृत्त हैं। उनकी पत्नी प्रकाश जुनेजा दिल्ली प्रशासन के शिक्षा विभाग में सेक्शन अधिकारी से सेवानिवृत्त थीं। मकान के ग्राउंड फ्लोर पर बिलियर्ड और वीडियो गेम खेलने के लिए क्लब बना रखा था, जिसके काउंटर पर योगराज बैठते थे।
सोमवार को ठंड अधिक होने की वजह से उन्होंने मकान के आगे का शटर बंद करवा दिया था। मकान में प्रवेश गैलरी से था और गैलरी से ही ऊपर जाने का रास्ता था। शाम को करीब साढे़ सात बजे योगराज मकान में ऊपर गए तो पत्नी प्रकाश पूजा करने बैठी थी, जिससे वह नीचे आकर काउंटर पर बैठ गए। जब वह करीब आधे घंटे बाद फिर मकान में ऊपर गए तो पत्नी प्रकाश बेहोश पड़ी थीं, उनके मुंह में कपड़ा ठुंसा हुआ था और हाथ -पैर बंधे हुए थे।
सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था। उन्होंने शोर मचाया तो नौकर राजू उर्फ राजकुमार मौके पर आया और पुलिस को सूचना दी। उन्हें तुरंत सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस की पूछताछ में राजू ने बताया कि लगभग साढे़ सात बजे सिर में कपड़ा बांधे हुए एक युवक बिलियर्ड के बारे में जानकारी लेने आया था, जिस पर राजू ने बताया कि आधा घंटा बिलियर्ड खेलने के 40 रुपये लिए जाते हैं, इसी के साथ वह वीडियो गेम की तरफ चला गया।
उस दौरान वह युवक पांच मिनट तक खड़ा रहा, फिर वापस चला गया। मौके पर पहुंचे एसपी सिटी जितेंद्र कुमार शाही का कहना था कि बिलियर्ड और विडियो गेम खेलने वाले सभी लोगों के नाम पते नोट कर जांच करने के साथ ही नौकर से पूछताछ की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications