अफ्रीकी अंग्रेजी के कारण हो गया बवाल

करीब 250-300 स्थानीय लोगों ने छात्रा और उसकी सहेली को घेर लिया। सफदरजंग थाना पुलिस ने पहुंचकर बवाल होने से बचा लिया। इसके बावजूद लोगों ने दोनों के साथ हाथापाई की। पुलिस ने मामले को रफादफा कर दिया। इस बाबत कांगो एंबेसी को सूचना दी गई थी। पुलिस के अनुसार अंग्रेजी भाषा की वजह से हंगामा बढ़ता चला गया।
पुलिस के अनुसार मूलत: कांगो निवासी 24 वर्षीय एलिना डीयू से एमबीए और राजनीति विज्ञान से परास्नातक कर रही 23 वर्षीय एंजलिका सफदरजंग एंकलेव के कृष्णा नगर के जे-ब्लाक में रहती हैं। एलिना का कहना है कि काफी दिनों से मोहल्ले के बच्चे उनके घर की डोरबेल बजा जाते थे। ऐसा दिन में कई बार होता था। शाम एक बच्चा डोरबेल बजाकर भाग गया, जबकि दूसरा बच्चा खड़ा था।
छात्रा ने दरवाजा खोल कर उस बच्चे को पकड़ लिया। छात्रा उसे गोदी में उठाकर मकान मलिक के पास ले जाने लगी। तभी लोगों ने हंगामा कर दिया कि युवती बच्चे को अगवा कर ले जा रही है। कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि विदेशी छात्रा चाकू के बल पर बच्चे का अपहरण कर ले जा रही है। इस खबर पर करीब 250 लोग एकत्रित हो गए। इस बीच एलिना के बचाव में एंजलिका और पड़ोस में रहने वाला हमवतन युवक आ गया। भीड़ ने इन तीनों को पकड़ लिया और हाथापाई पर उतारू हो गए।
सूचना मिलने पर एसआई धर्मवीर सिंह, एसआई उदयराम और हवलदार सतीश तुरंत दल के साथ पहुंचे और भीड़ को काबू किया। थाने में पहुंचकर छात्रा ने सारी बात बताई। पुलिस के अनुसार एलिना बच्चे से अंग्रेजी में कह रही थी कि वह उसे मकान मालिक के पास ले जा रही है, मगर लोग अंग्रेजी नहीं समझे सके। जिससे हंगामा हो गया।












Click it and Unblock the Notifications