मोहर्रम के मौके पर बापू आसाराम को सत्संग की इजाजत नहीं

आशाराम बापू के कार्यक्रम के आयोजकों ने अब कार्यक्रम की नयी तिथियां निर्धारित करने की योजना बनाई है। गौरतलब है कि संत आसाराम बापू का शहर के बीचोंबीच स्थित फूलबाग मैदान में आज सत्संग होना था इसके लिये बाबा के समर्थकों और आयोजकों ने व्यापक इंतजाम किये थे तथा शहर में जगह जगह बैनर और पोस्टर तथा स्वागत द्वार बनवाए थे।
इस कार्यक्रम में कानपुर के आसपास के जिलों के भी हजारों लोगों के भाग लेने की संभावना थी। वैसे जिला प्रशासन ने पहले ही इस कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी थी लेकिन आयोजक यह सोचकर इस कार्यक्रम की तैयारी करते रहे कि अंतिम मौके पर प्रशासन शायद अनुमति दे दे लेकिन प्रशासन ने अंत तक इस आयोजन पर कड़ा रूख अपनाये रखा।
एडीएम सिटी शैलेन्द्र कुमार सिंह के अनुसार छह दिसंबर को मोहर्रम , विवादित ढांचा गिराए जाने की बरसी और अंबेडकर निर्वाण दिवस भी है। मोहर्रम के जुलूस में हजारों की संख्या में श्रध्दालु शामिल होते हैं। ऐसी दशा में प्रशासन की पहली जिम्मेदारी इन जुलूसों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की है। अगर आसाराम का सत्संग होता तो वहां भी लोगो को नियंत्रित करने के लिये पुलिस और प्रशासनिक अमले की जरूरत होती जो उपलब्ध नही थी। इसलिये आयोजको से इस सत्संग की तिथि आगे बढ़ाने को कह दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications