राहुल के रोड शो के पहले आपस में भिड़े कांग्रेसी कार्यकर्ता

मंगलवार की सुबह बाराबंकी में कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी के इंतजार में सैंकड़ों कार्यकर्ता इंतजार की घडि़यां देख रहे थे, तभी बेनी प्रसाद वर्मा वहां पहुंचे। ठीक उसी वक्त पीएल पुनिया पहुंचे और दोनों के समर्थक अपने नेता के लिए नारेबाजी करने लगे। नारेबाजी की आवाज किकी बुलंद हो, यह बात लेकर विवाद हो गया और देखते ही देखते कार्यकर्ता आपस में भिड़ गये। नौबत यहां तक आ गई कि दोनों पक्ष एक दूसरे पर कुर्सियां फेंकने लगे। वरिष्ठ नेताओं ने बाद में बीच-बचाव कर मामले को ठंडा किया।
बात अगर यूपी के दौरे की करें तो हर बार रहुल को अपने दल के पदाधिकारियों की नाराजगी सहनी पड़ती है। लेकिन इस बार नाराजगी काफी बढ़ सकती है। खबर है कि जी हां कई वरिष्ठ पदाधिकारी राहुल गांधी का घेराव कर सकते हैं। प्रदेश कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ के प्रान्तीय महासचिव शैलेन्द्र गुप्ता ने आरोप लगाया है कि पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने अपनी व्यक्तिगत राजनीति को चमकाने के लिये पुराने निष्ठावान कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करते हुए हाल में पार्टी में शामिल हुए लोगों को विधानसभा के टिकट से नवाज दिया है तथा कुछ नेताओं के निर्वाचन क्षेत्रों में असंगत बदलाव करवाये हैं।
गुप्ता ने बताया कि जिले के तमाम निष्ठावान कांग्रेस पदाधिकारियों ने निर्णय किया है कि वे राहुल के बहराइच आने पर इस मनमानी के विरुद्ध उनका घेराव कर उन्हें अपने-अपने पदों से इस्तीफा सौंपेंगे। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में पार्टी की चुनावी संभावनाओ को चमकाने की कवायद के तहत राहुल 22 नवम्बर को बाराबंकी से अपने प्रदेश दौरे की शुरूआत करेंगे। इस दौरान वह बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के साथ कुशीनगर में जनसम्पर्क और सभाओं में शिरकत करेंगे। उनके छह दिवसीय दौरे का समापन कुशीनगर में चुनावी जनसभा के साथ होगा।












Click it and Unblock the Notifications