नहेरू जयंती से शुरू होगा कांग्रेस का चुनावी अभियान

यूपी में होने वाले अगले विधानसभा को मिशन 2012 का जिम्मा कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी पर है। वह देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के जन्मदिन और उनके संसदीय क्षेत्र से राज्य में पार्टी के चुनाव अभियान की शुरूआत करेंगे। पार्टी के चुनाव अभियान की कमान संभाले श्री गांधी लगातार लोगों से सम्पर्क के लिये राज्य के दौरे पर हैं। पिछले सप्ताह उन्होंने पूर्वी उत्तर प्रदेश के वाराणसी, मिर्जापुर, भदोही व जौनपुर का दौरा किया था। पिछले 1989 से राज्य में सत्ता से दूर कांग्रेस संभवत: पहली बार पंडित जवाहर लाल नेहरू के जन्मदिन 14 नवम्बर और उनके संसदीय क्षेत्र फूलपुर से चुनावी अभियान की शुरूआत कर रही है।
प्रदेश में कांग्रेस अपनी पकड़ मजबूत बनाने के लिए काफी प्रयासरत है। ब्राह्म्ण, दलित और मुस्लिम कांग्रेस का ठोस वोट बैंक हुआ करता था लेकिन अयोध्या में छह दिसम्बर 1992 को विवादित ढांचा गिराये जाने के बाद ब्राह्म्ण भारतीय जनता पार्टी के साथ, मुस्लिम समाजवादी पार्टी के और दलित बहुजन समाज पार्टी के साथ चले गये। कांग्रेस महासचिव मुस्लिम और ब्राह्म्ण बहुल गांवों में चौपाल लगाकर उनसे सम्पर्क साधते रहे हैं। बसपा प्रमुख मायावती के दलित वोट बैंक में सेंध के लिये उन्होंने अंबेडकरनगर जिले में रैली की और बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के जन्मदिन पर संदेश यात्राओं को रवाना किया।
नहेरू जयंती से प्रचार अभियान शुरू कर कांग्रेसी यह मान रहे हैं कि प्रदेश में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच नेहरू युग की वापसी का संदेश जायेगा। पंडित नेहरू के जन्मदिन और उनके संसदीय क्षेत्र से अभियान की शुरूआत को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती जोशी बेहतर पहल मान रही हैं। उनका कहना है कि देश के पहले प्रधानमंत्री को विकास पुरूष के रूप में याद किया जाता है और उनकी नीतियां आज के माहौल में भी सही हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को उनके जन्मदिन पर याद करने में कुछ भी गलत नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications