बैंक से निकाला गया तो बन गया ठग

फतेहपुर बेरी पुलिस ने हर्ष विहार से राहुल को गिरफ्तार कर दो मोबाइल, चार सिम, पांच एटीएम कार्ड, बैंक से चुराए गए डाटा और बैंक पासबुक बरामद किया है। उसे बैंक की योजनाओं के बारे में खासी जानकारी थी, इसलिए उसने लोगों को लोन दिलाने के नाम पर उनके साथ धोखाधड़ी शुरू कर दी। राहुल कौशल (27) है। वह मूलरूप से दरभंगा, बिहार का रहने वाला है। यहां वह हर्ष विहार के एक ब्लाक, गली नंबर 20 में वह परिवार के साथ रहता है। तीन नवंबर को शिवदत्त शर्मा ने थाने में ठगी की शिकायत दर्ज करवाई। उसने बताया कि एक व्यक्ति ने खुद को एचडीएफसी बैंक का कर्मी बताकर फोन किया।
उसने एक लाख पर्सनल लोन दिलवाने की बात कही। अगले दिन उसके पास राहुल कौशल नामक युवक आया। पहचान पत्र और बातचीत के लहजे के बाद शिवदत्त ने उसे 4300 का चेक, चार हजार का चेक, एक खाली चेक और एक हजार रुपये नगद सौंप दिया। इसके बाद राहुल भूमिगत हो गया और उसका फोन नंबर भी बंद हो गया। शिवदत्त ने अकाउंट चेक किया तो पता चला कि उसमें से 4300 रुपये निकाले जा चुके हैं। पुलिस की गिरफ्त में आए राहुल ने बताया कि वह एक नामी बैंक के लोन सेक्शन में कार्यरत था। मंदी की दौर में उसे निकाल दिया गया। इसके बाद उसने लोगों से ठगी शुरू कर दी।












Click it and Unblock the Notifications