किराए विवाद में फंसी किरण बेदी अब एनजीओ को लौटाएंगी पैसा

गौरतलब है कि गैलेंटरी मेडल का इस्तेमाल कर छूट पर टिकट खरीद कर यात्रा करने के बाद कथित रूप से आयोजकों से पूरा बिल वसूलने के विवादों में घिरी टीम अन्ना की सदस्य किरन बेदी ने पहले कहा था कि उनके गैर सरकारी संगठन इंडिया विजन फाउंडेशन के ट्रस्टियों ने उनसे कहा था कि वह स्वनिर्णय किये बगैर आयोजकों की शर्तो पर ही यात्रा करें।
आपको बता दें कि पिछले दिनों इंडियन एक्सप्रेस में छपी खबर ने तहलका मचा दिया है। खबर के मुताबिक किरण बेदी के ऊपर भ्रष्टाचार का आरोप लगा है। साल 1979 में देश के सम्मान वीरता पुरस्कार से सम्मानित की जा चुकी किरण बेदी को, तब से ही एयर इंडिया की ओर से इकोनॉमी क्लास के किराए में 75 फीसदी की छूट मिलती है।
लेकिन उनके ऊपर आरोप लगा है कि किरण बेदी किसी भी एनजीओ कार्यक्रम और सेमिनार में शामिल होने के लिए जब जाती हैं तो वहां के आयोजकों और कार्यक्रम वालों से टिकट के पूरे वैसे वसूलती है। उनके ऊपर ये भी आरोप लगा है कि वो इकोनॉमी क्लास में सफर करके आयोजकों से बिजनेस क्लास का किराया मांगती हैं।
इंडियन एक्सप्रेस ने बकायदा सबूत पेश किये थे कि किरण बेदी ने साल 2006 से लेकर 29 सितंबर, 2011 के बीच जिन यात्राओं को किया है उनके चेक इंडिया विजन फाउंडेशन के खाते में जमा हुए हैं जिसकी मालकिन किरण बेदी हैं। हालांकि शुरू से किरण बेदी ने सारे आरोपों से इंकार किया है। उन्होंने कहा कि वो जो भी पैसा लेती है वो अपने एनजीओ के लिए लेती है। ना कि अपने लिए। जो भी बातें प्रकाशित हुई हैं वो निराधार और बेबुनियाद हैं। लेकिन आज उन्होंने किराये को वापस करने का ऐलान करके नये विवाद को जन्म दे दिया है।












Click it and Unblock the Notifications