भाजपा के कई नेता प्रधानमंत्री बनने योग्य: यशवन्त सिन्हा

यशवंत सिन्हा ने आडवाणी और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी में से किसे प्रधानमंत्री बनाया जाएगा इस आशय की अटकलों और इन दोनों नेताओं के बीच मतभेद की खबरों को कम महत्व देने की कोशिश की। उन्होंने कहा कांग्रेस में चर्चा है कि संप्रग सरकार का वर्तमान कार्यकाल पूरा होने से पहले ही कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी पीएम बन सकते हैं। इसे लेकर संतुलन बनाने की कोशिश में मीडिया ने भाजपा को लेकर यही कहानी गढ़ दी।
पीएम पद के लिए बेहतर उम्मीदवार आडवाणी होंगे या मोदी? इस प्रश्न के जवाब में सिन्हा ने कहा कि भाजपा में ऐसे कई नेता हैं जो पीएम बनने के योग्य हैं। बहरहाल, उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया। उनसे पूछा गया कि क्या वह भी उम्मीदवार हो सकते हैं इस पर पूर्व वित्त मंत्री ने कहा क्यों नहीं? क्या किसी को मेरी क्षमता पर संदेह है?
यशवंत सिन्हा से पूछा गया कि आडवाणी की जन रथयात्रा को पीएम बनने की महत्वाकांक्षा से जोड़ कर देखा जा रहा है। इस पर सिन्हा ने कहा कि दोनों में कोई संबंध नहीं है। सिन्हा ने कहा कि चुनावों के करीब आने पर पाटर्ी तय करेगी कि किसे प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर पेश किया जाए और यह भी कि किसी को भी इस तरह पेश किया जाए अथवा नहीं।
यात्रा को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक राजनीतिक अभियान बताते हुए उन्होंने कहा कि इसे पीएम पद के लिए मोदी और आडवाणी में होड़ के संकीर्ण नजरिये से नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने यात्रा शुरू किए जाने के समय को सही बताया। जन रथयात्रा बिहार में लोकनायक जयप्रकाश नारायण के जन्मस्थान सिताबदियारा से शुरू हुई। सिन्हा ने कहा आडवाणी जी की रथयात्रा शुरू करने का समय और स्थान बिल्कुल सही है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान की शुरूआत के लिए लोकनायक जयप्रकाश नारायण के जन्मदिन से अच्छी तारीख और कोई नहीं हो सकती थी।












Click it and Unblock the Notifications