यूपी में आडवाणी के रथ का रास्ता साफ

चंदौली के पुलिस अधीक्षक शलभ माथुर के अनुसार मुगलसराय के रेलवे स्टेडियम में आडवाणी की सभा को मिली अनुमति रेलवे ने निरस्त कर दी थी। उन्होंने कहा कि फिलहाल उनके पास ऐसी कोई भी सूचना नहीं आयी थी कि सभा के लिए कोई अन्य स्थान चुना गया है। रेलवे द्वारा किए गये इस कार्य से भाजपा नेताओं को बड़ा झटका लगा। अब भाजपा आडवाणी की जिले में सभा कराए जाने के लिए प्रयासरत हुए तब जाकर अनुमति मिली। हालांकि भाजपा नेताओं का कहना है कि रेलवे ने ऐसा जानबूझकर किया। अब चंदौली में आडवाणी अपनी आम सभा कर सकेंगे।
दिन भर की उठापटक के बाद देर रात आडवाणी को अनुमति तो मिल गई, लेकिन पूरे दिन भाजपा नेताओं ने सरकार को जमकर कोसा।
भाजपा ने आरोप लगाया कि भ्रष्टचार के मुददे पर केन्द्र और राज्य सरकार दोनों ही एक हैं। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जो भी अभियान चलता है यह दोनों सरकारें मिलकर उसका विरोध करती हैं। पाठक ने कहा कि रेलवे स्टेडियम में तीन दिनों से सभा की तैयारियां चल रही थीं। सभा होने के मात्र कुछ घण्टे पहले अनुमति निरस्त की गयी थी।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार की लड़ाई लडऩे वालों के खिलाफ केन्द्र और राज्य दोनों सरकारें दुश्मनों जैसा व्यवहार करती हैं। उन्होंने कहा कि समाजसेवी अन्ना हजारे के अनशन को भी दिल्ली में पहले अनुमति देकर उसे निरस्त कर दिया गया था हालांकि केन्द्र को मजबूरी में आकर बाद में अन्ना हजारे को अनशन की अनुमति देनी पड़ी। लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जन्मस्थली बिहार में छपरा जिले के सिताबदियरा गांव से श्री आडवाणी की जनचेतना यात्रा 11 अक्टूबर को निकली थी। जनचेतना यात्रा की पहली सभा उत्तर प्रदेश के मुगलसराय जिले में आयोजित थी।












Click it and Unblock the Notifications