अफगानिस्तान के राष्ट्रपति करजई आज आ रहे हैं दिल्ली

सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रपति हामिद करजई के दो दिनी दौरे से भारत-अफगान संबंधों में सहयोग और साझेदारी का नया अध्याय जुड़ेगा। करजई अपने इस दौरे में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात करेंगे और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार शिवशंकर मेनन के साथ भी विचार-विमर्श करेंगे। सूत्रों के मुताबिक बातचीत के एजेंडे में अफगानिस्तान में पुनर्निर्माण प्रक्रिया के लिए भारतीय मदद में इजाफे के अलावा दक्षिण एशिया क्षेत्र में आईएसआई की भूमिका पर भी चर्चा होगी। वहीं 2014 में अमेरिकी फौजों की वापसी के बाद की स्थिति पर भी करजई भारतीय नेताओं से चर्चा करेंगे। अफगान राष्ट्रपति बुधवार को इस क्षेत्र की सुरक्षा स्थितियों पर एक व्याख्यान भी देंगे।
वहीं हक्कानी नेटवर्क के बचाव में खुलकर सामने आए पाकिस्तान ने उसकी चिंताओं को और मजबूत ही किया है। कूटनीतिक सूत्रों के मुताबिक मौजूदा हालात में करजई का दौरा अफगानिस्तान में शांति प्रक्रिया में पाकिस्तान की भूमिका से मोहभंग का भी साफ इशारा है। वहीं काबुल ने संकेत भी दिए हैं कि पुनर्निर्माण प्रक्रिया और अफगान राष्ट्रीय सेना व सुरक्षाबलों के प्रशिक्षण में भी वो भारत से अधिक मदद की अपेक्षा करता है।












Click it and Unblock the Notifications