सोनिया गांधी के करीबी पुलोक पहुंचे पीएमओ

1974 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी पुलोक चटर्जी ने विश्व बैंक में जिम्मेदारी निभाने के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय में वापसी की है। इससे पहले वह वर्ष 2004 से 2009 के बीच प्रधानमंत्री कार्यालय में संयुक्त सचिव थे। चटर्जी ने टीकेए नायर का स्थान लिया है जिन्हें अब प्रधानमंत्री का सलाहकार बनाया गया है। उनकी वापसी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि संभावना है कि वह ऐसे समय में प्रधानमंत्री कार्यालय और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के बीच समन्वय को आसान बनाने का काम करेंगे जब सरकार मुश्किल दौर से गुजर रही है।
पुलोक चटर्जी को सोनिया गांधी का करीबी माना जाता है। जब सोनिया लोकसभा में विपक्ष की नेता थीं तब चटर्जी ने उनके साथ काम किया था। पीएमओ में तीन महीने पहले शुरू की गई बदलाव प्रक्रिया के तहत चटर्जी की नियुक्ति हुई है। पीएमओ में सचिव एमएन प्रसाद अब पदमुक्त होकर विश्व बैंक में नियुक्त किए गए हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय में संयुक्त सचिव संजय मित्रा ने पश्चिम बंगाल सरकार में जिम्मेदारी संभाल ली है। उनका स्थान एलके. अतीक ने लिया है जो अब तक निदेशक थे।












Click it and Unblock the Notifications