चिदंबरम को बर्खास्त किया जाए: राजनाथ

सीसामऊ एवं कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे कार्यक्रमों के दौरान राजनाथ सिंह ने कहा कि चिदंबरम को हटाया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि 2जी स्पैक्ट्रम मामले में तिहाड़ जेल में बंद ए. राजा के यह कहने पर कि उन्होंने जो कुछ भी किया वह तत्कालीन वित्त मंत्री चिदंबरम के इशारे पर किया।
राजा के इस कथन से सारी हकीकत उजागर हो जाती है। उन्होंने कहा कि इतना बड़ा सत्य उजागर होने के बाद भी प्रधानमंत्री एवं पार्टी अध्यक्ष खामोश रहते हैं तो यह देश का दुर्भाग्य होगा। उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश दोनों ही संकट के दौर से गुजर रहे हैं और यह संकट केन्द्र की यूपीए सरकार ने पैदा किया है।
राजनाथ ने कहा कि आज महंगाई से जनता बेहाल है वह इसके लिए कांग्रेस के अलावा सपा और बसपा को भी बराबर का दोषी मानते हैं क्योंकि इन दोनों ही दलों ने केन्द्र सरकार को समर्थन दिया हुआ है। राजनाथ ने कहा कि एक वक्त वह भी था जब अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने छह वर्षों तक महंगाई को बांधे रखा था और तीन प्रतिशत से शुरू कर विकास दर आठ प्रतिशत तक पहुंचा दी थी।
उन्होंने कहा कि गलत आर्थिक नीतियां और नियोजन के साथ भ्रष्टाचार महंगाई का सबसे बड़ा कारण है। उन्होंने कहा कि जिस दिन भाजपा की सरकार होगी, पांच साल के अपने शासनकाल के दौरान पांच लाख नौजवानों को रोजगार मुहैय्या कराया जाएगा। भाजपा सरकार किसानों को एक प्रतिशत ब्याज की दर से ब्याज उपलब्ध कराएगी और बेटियों को जन्म के समय के बाद से छह महीने के भीतर इतनी राशि जमा कराएगी जो उनके विवाह के समय एक लाख पच्चीस हजार रुपये हो जाएगी। उन्होंने समाज सुधारक अन्ना हजारे एवं योगगुरू बाबा रामदेव को बधाई दी कि आखिर इन्होंने जनता की नब्ज को पहचाना तथा जनता को भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट होने की अपील की।












Click it and Unblock the Notifications