बेटे-बहू ने मां को पीट-पीटकर मार डाला

पुलिस ने बताया कि भूथन कलां में हरकौरी (65) अपने पुत्र व पुत्रवधू से अलग रह रही थी। कलह होने पर ही हरकौरी ने जमीन का बंटवारा कर तीन एकड़ जमीन अपने हिस्से में रखी थी और उसी से ही उसकी गुजर-बसर हो रही थी। रात को वृद्धा की किसी बात पर बेटे व बहू से तकरार हो गई और इसी कारण दोनों ने रॉड से हमला कर हत्या कर दी। महिला के सिर, पीठ, छाती व गर्दन पर चोट के निशान हैं।
वृद्धा के भाई चंद्रभान ने आरोप लगाया कि घरेलू कलह के कारण पहले भी उसकी बहन को तंग किया जाता रहा है। एक बार तो उसकी रीढ़ की हड्डी तोड़ दी गई थी। शनिवार रात को उसका भांजा रामकिशन शराब के नशे में था तथा अपनी पत्नी के साथ मिलकर हरकौरी पर हमला कर दिया। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो देखा कि मकान में एक स्थान से मिट्टी खोदी गई थी ताकि महिला को घर में ही दफनाया जा सके।
उधर आरोपी बहू के परिजनों का कहना था कि भैंस का दूध निकालने को लेकर चंद्रभान और उसकी पत्नी का झगड़ा हो गया। बीच बचाव के दौरान ही महिला की मौत हो गई। थाना प्रभारी का कहना है कि महिला के शरीर पर कई स्थानों पर चोट के निशान हैं और उस पर बेरहमी से हमला किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications