गुडग़ांव में कोर्ट व मॉल की सुरक्षा बढ़ाई गई
गुडग़ांव। दिल्ली हाईकोर्ट में आतंकी हमले के बाद गुडग़ांव जिला प्रशासन ने जिला अदालत व शहरों के मॉल की सुरक्षा सोमवार से सख्त कर दी। अदालत परिसर में पहले से लगे आठ पुलिस कर्मियों के अलावा 20 पुलिसकर्मियों की और तैनाती कर दी गई। इनमें कई सादी वर्दी व पांच पुलिस कमांडो लगाए गए हैं।
सभी पुलिसकर्मियों ने जिम्मेदारी भी संभाल ली, वहीं पुलिस ने बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ मिल अदालत के बाहर बनी अवैध पार्किंग भी हटा दी है। हालांकि कुछ वकीलों को दिक्कत हुई पर आमजन की सुरक्षा की बात थी, लिहाजा वे सहयोग करते नजर आए। बहुत जल्द अदालत परिसर के नौ गेट में से चार को बंद कर दिया जाएगा। आने जाने के लिए लोग पांच गेट का ही इस्तेमाल कर सकेंगे। हालांकि अंतिम फैसला अदालत प्रशासन व जिला बार एसोसिएशन की ओर से जल्द होने वाली साझा बैठक के बाद ही पुलिस करेगी, पर पुलिस अधिकारियों ने अभी एक खाका तैयार कर लिया है।
सितंबर को आतंकियों ने राजधानी क्षेत्र के किसी बड़े मॉल को बम से उड़ाने की धमकी दी है। इसे देखते हुए मॉल की सुरक्षा पर विशेष गौर किया जा रहा है। माल के अंदर बाहर सभी जगह प्राइवेट सुरक्षाकर्मियों के अलावा पुलिस कमांडो सादी वर्दी में तैनात नजर आए, वहीं एमजी रोड पर पुलिस कमांडो की एक कंपनी ही तैनात कर दी गई। बम निरोधक दस्ते को भी सतर्क रखा गया है। आतंकी धमकी को देखते हुए आम लोग भी सतर्क हो रहे हैं। कुछ लोग तो मोबाइल के जरिये मैसेज भेज सतर्क रहने का संदेश दे रहे हैं। संदेश में लिखा है कि हमारी सतर्कता आतंकियों के मंसूबों को ध्वस्त कर देगी। साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि मंगलवार को भीड़-भाड़ वाले इलाके में जाने से बचे।












Click it and Unblock the Notifications