दिल्ली: बैंक के लॉकर से 22 लाख गायब

पुलिस के अनुसार राजा पार्क निवासी ईश्वरी प्रसाद (45) बेकरी का कारोबार करता है। शनिवार को वह सुल्तानपुरी स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा पहुंचा। यहां उसका एक लॉकर है। उसने लॉकर के इस्तेमाल करने की बात कही। बैंक का एक कर्मचारी उसे लॉकर तक ले गया। जब उसने लॉकर खोला तो पाया कि उसके 22 लाख रुपये गायब हैं जबकि जेवरात सही सलामत थे। उसने आरोप लगाया कि उसके लॉकर से 22 लाख रुपये चुरा लिए गए हैं। जानकारी मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की है।
पुलिस का कहना है कि हालांकि लॉकर से किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं की गई है। जिला पुलिस उपायुक्त बीएस जायसवाल ने बताया कि क्राइम टीम ने लॉकर से कुछ फिंगर प्रिंट लिए हैं, हालांकि लॉकर का लॉक तभी खुल सकता है जब बैंक के अधिकारी और ग्राहक एक साथ ही उसे खोलने पहुंचते हैं। उधर दुर्गापुरी चौक स्थित एक सैनीटरी की दुकान से चोरों ने 50 हजार रुपये कैश और एक लाख से ज्यादा का सामान उड़ा लिया। चोरों ने शटर तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। यह शाहदरा निवासी राहुल गुप्ता की दुकान है। सुबह उन्हें सूचना मिली की उनके दुकान का शटर उठा हुआ है। उन्होंने इस बारे में पुलिस को जानकारी दी।












Click it and Unblock the Notifications