मनमोहन के मंत्रियों ने शेयर बाजार में लगा रखे हैं करोड़ों
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह समेत उनके मंत्रिमंडल के जिन सहयोगियों की संपत्ति का ब्योरा सार्वजनिक किया गया है, उसके मुताबिक कई मंत्रियों का शेयर बाजार में अच्छा खासा निवेश है। इनमें तृणमूल कांग्रेस के सांसद औऱ रेलमंत्री दिनेश त्रिवेदी, एनसीपी प्रमुख और कृषि मंत्री शरद पवार और कांग्रेस के सांसद और केंद्रीय मंत्री कमलनाथ तथा कांग्रेस सांसद औऱ मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया इस मामले में सबसे आगे हैं।
प्रधानमंत्री कार्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़े के मुताबिक करीब 20 मंत्रियों के परिवार के सदस्यों ने शेयर बाजार में करीब 40 करोड़ का निवेश कर रखा है। हालांकि शेयर बाजार में इन शेयरों का मूल्य कही 500 करोड़ से ज्यादा है क्योंकि वेवसाइट पर शेयरों का मूल्य केवल फेस वैल्यू के आधार पर दी गई है।
आंकड़े बताते हैं कि तृणमूल कांग्रेस के कोटे से रेलमंत्री बने दिनेश त्रिवेदी और उनके परिवार ने शेयर बाजार में एक करोड़ नब्बे लाख रुपये, कृषि मंत्री शरद पवार डेढ़ करोड़ रुपये, शहरी विकास मंत्री कमलनाथ एक करोड़ रुपये, गृह मंत्री पी. चिदंबरम 76 लाख रुपये, मानव संसाधन मंत्री कपिल सिब्बल 40 लाख रुपये, ज्योतिरादित्य सिंधिया 4.50 करोड़ रुपये औऱ मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री पुरुंदेश्वरी देवी 1.76 करोड़ रुपये का निवेश कर रखा है। इन आंकड़ों से समझा जा सकता है कि मनमोहन के मंत्री शेयर बाजार में कितनी रुचि रखते हैं।













Click it and Unblock the Notifications