भाजपा की लुटिया डुबोने के लिए अकेले राजनाथ काफी: कल्याण

कल्याण ने भाजपा द्वारा प्रदेश में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बनाये गये 6-6 प्रभारियों पर चुटकी लेते हुए कहा कि पुरानी कहावत है- ज्यादा जोगी मठ उजाड़। उन्होंने कहा कि इन जोगियों में राजनाथ सिंह प्रमुख हैं, जो अकेले ही भाजपा की लुटिया डुबोने के लिए काफी हैं। भाजपा से निष्कासन के बाद राष्ट्रवादी जनक्रान्ति पार्टी का गठन करने वाले कल्याण सिंह चुनाव में भाजपा का सफाया करने का संकल्प ले चुके हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा इस चुनाव के बाद पूरी तरह से साफ हो जायेगी।
कांग्रेस का पक्ष लेते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा को कांग्रेस के भ्रष्टाचार पर बोलने का कोई हक नहीं है क्योंकि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के शासन में कारगिल युद्ध के दौरान हुए ताबूत घोटाले में कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि दूसरों पर कीचड़ उछालने वाली भाजपा भी भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है। भाजपा के दो-दो राज्यसभा सदस्य और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष बंगा लक्ष्मण बर्खास्त हो चुके हैं। कल्याण कहा कि भाजपा की साख गिर चुकी है। वह लाख प्रयास कर लें, अब उसे उत्तर प्रदेश की सत्ता में दुबारा नहीं आ पायेगी।
समाजसेवी अन्ना हजारे के लोकपाल बिल को समर्थन देते हुए श्री सिंह ने कहा कि केन्द्र सरकार के लोकपाल विधेयक का वह संसद में विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि श्री हजारे की टीम के ही विधेयक को स्वीकार किया जाना चाहिए। उन्होंने दिल्ली के जन्तर-मन्तर पर श्री हजारे के प्रस्तावित अनशन में बाधा खड़ी करने को कांग्रेसनीत केन्द्र सरकार की तानाशाही बताया और कहा कि इससे सरकार की किरकिरी ही होगी। उन्होंने कहा कि श्री हजारे के अनशन में वह स्वयं नहीं शामिल होंगे लेकिन अनशन को उनका नैतिक समर्थन होगा।
उन्होंने लोकपाल बिल के दायरे में प्रधानमंत्री, न्यायपालिका और संसद सदस्यों को लाने की पुरजोर वकालत की। श्री सिंह ने कर्नाटक में चल रहे राजनीतिक उथल-पुथल का कारण खनन घोटाला बताया और कहा कि इस घोटाले की जांच केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से होनी चाहिए क्योंकि कर्नाटक के लोकायुक्त संतोष हेगडे के अनुसार यह अठारह हजार करोड़ का घोटाला है।












Click it and Unblock the Notifications