हिना-कृष्णा के हाथ मिलाते ही एलओसी पर बहा खून

प्राप्त जानकारी के अनुसार कुपवाड़ा के मच्छल सेक्टर में गश्त कर रहे सेना के जवानों ने देखा कि गुलाम कश्मीर की तरफ से सात से दस आतंकी घुसपैठ कर रहे हैं। जवानों ने फौरन आतंकियों को ललकारा और आत्मसमर्पण करने को कहा। मगर ऑटोमेटिक असलहों से लैस आतंकियों ने सेना के पोस्ट पर हमला बोल दिया। इस हमले में नायब सूबेदार अमर सिंह शहीद हो गए, जबकि राइफलमैन नरेंद्र कुमार व राइफलमैन महेंद्र घायल हो गए।
इसके बाद सेना ने भी मोर्चा संभालते हुए आतंकियों को घेरकर गोलीबारी की। इस मुठभेड़ में दो आतंकियों के भी मारे जाने की सूचना है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। सूत्रों के अनुसार घुसपैठ कर आए आतंकी जैश-ए-मुहम्मद संगठन के हैं। इस संबंध में एसपी कुपवाड़ा वीके वीर्दी ने बताया कि मुठभेड़ में नायब सूबेदार शहीद व दो अन्य जवान घायल हो गए हैं। हालांकि अभी तक किसी आतंकी का शव बरामद नहीं हुआ है। अंतिम सूचना मिलने तक मुठभेड़ जारी थी।
ऐसे में तो एक बात साफ जाहिर है कि पाकिस्तान के मंत्रियों का भारत से हाथ मिलाना महज एक दिखावा है। या तो पाकिस्तानी सेना अपनी एक अलग सरकार बना चुकी है या फिर पाकिस्तान सरकार अपनी हरकतों से कभी बाज नहीं आ सकता। इस मामले में आपकी क्या राय है हमें जरुर बताईएगा। अपनी राय नीचे दिये कमेंट बाक्स में दर्ज करायें।












Click it and Unblock the Notifications