एयरफोर्स में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी

उन्नाव के शफीपुर निवासी बसंत लाल राजधानी में रहकर पढ़ाई करता है। वर्ष 2010 में बसंत की मुलाकात कानपुर के रहने वाले एक युवक आशीष से हुई। बसंत के अनुसार आशीष उसे ट्रेन में सफर के दौरान मिला और उसकी जान पहचान दोस्ती में बदल गयी। बात ही बात में आशीष ने बसंत को एयरफोर्स में नौकरी दिलाने की बात कही। आशीष ने कहा कि एयरफोर्स के कई अधिकारियों से उसके अच्छे सम्बंध है और यदि वह कुछ खर्च करे तो उसे आसानी से एअरफोर्स में नौकरी मिल सकती है।
एयरफोर्स में नौकरी मिलने की बात सुनकर बसंत को काफी खुशी हुई। जब बसंत ने नौकरी की बात पर सहमति जतायी तो आशीष ने नौकरी दिलाने के बदले साढ़े चार लाख रूपयों की मांग की। आशीष ने कहा कि वह रुपयों का इंतजाम करे तब तक वह अधिकारियों से बात करता है। बसंत ने जैसे-तैसे साढ़े चार लाख रूपय एकत्र कर आशीष को दिए। रुपये मिलने के बाद आशीष उसे टालने लगा।
जब कई दिनों तक नौकरी का कोई जिक्र नहीं हुआ तो बसन्त ने आशीष से अपने रुपये मांगने शुरू कर दिए। जब आशीष पैसे देने से कतराने लगा तो बसंत को शक हुआ कि आशीष ने उसको झांसा दिया है। बंसत ने एयरफोर्स के अधिकारियों से इसकी शिकायत की और बताया कि आशीष नाम के युवक ने उससे साढ़े चार लाख रुपये उनके नाम पर मांगे थे।
एयरफोर्स के अधिकारियों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी आशीष को अमौसी हवाई अड्डे के पास से पकड़ा वह भागने का प्रयास कर रहा था। पुलिस और एयरफोर्स के अधिकारी आशीष से पूछताछ कर रहें हैं। पता चला कि आशीष इससे पहले भी कई लोगों को ठग चुका है।












Click it and Unblock the Notifications