सीमा विवाद सुलझाने बांग्लादेश जाएंगे गृहमंत्री

सूत्रों ने बताया कि बांग्लादेश की एक दिनी यात्रा में चिदंबरम बांग्लादेश की गृहमंत्री सहारा खातून से मुलाकात करेंगे। वह बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना, विपक्ष की नेता खालिदा जिया और अन्य नेताओं से भी मुलाकात कर सकते हैं। दोनों देशों ने पिछले सप्ताह सीमा के दोनों ओर ऐसे करीब 162 परिक्षेत्रों की पहचान की थी।
उल्लेखनीय है कि इस उपमहाद्वीप के बंटवारे के समय से ही दोनों देशों के बीच सीमा के किसी भी ओर से अवरुद्ध किए गए परिक्षेत्रों का मुद्दा हल नहीं हो पाया है। इससे ऐसे परिक्षेत्रों में रह रहे लोगों को संपर्क, ऊर्जा और शिक्षा के संबंध में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। भारत और बांग्लादेश के बीच सीमा 4,906 किलोमीटर लंबी है। इसमें से 6.1 किलोमीटर क्षेत्र का अब तक सीमांकन नहीं हुआ है। संभावना है कि चिदंबरम की ढाका यात्रा से इस क्षेत्र के सीमांकन को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। दोनों देशों के बीच परिक्षेत्रों की संख्या 162 है जिनमें से 111 ऐसे भारतीय परिक्षेत्र हैं जो बांग्लादेश के अंदर हैं।
दोनों पक्षों के बीच संयुक्त सीमा कार्य समूह की बैठक और इसके बाद गृह सचिव स्तरीय वार्ता के समय यह तय किया गया था कि वर्ष 1974 में इंदिरा-मुजीब समझौते के तहत परिक्षेत्रों की अदला-बदली की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। गौरतलब है कि सोमवार को ही पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को बांग्लादेश की आजादी की लड़ाई में उनके बहुमूल्य योगदान के लिए यहां के सर्वोच्च राजकीय सम्मान से नवाजा गया। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने यह सम्मान ग्रहण किया। दिवंगत इंदिरा गांधी की बहू और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बांग्लादेश के राष्ट्रपति जिल्लुर रहमान के हाथों 'बांग्लादेश स्वाधीनता सनमानो" ग्रहण किया।












Click it and Unblock the Notifications