मुख्य निर्वाचन आयुक्त करेंगे यूपी का दौरा

मुख्य निर्वाचन आयुक्त एस.वाई. कुरैशी के नेतृत्व आयोग के अधिकारी मंगलवार से तीन दिनों तक प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। अधिकारी चुनाव के मद्देनजर राज्य में की गयी तैयारियों तथा कमियों पर चर्चा की जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के अनुसार टीम के अधिकारी राजनैतिक दलों के साथ बैठक कर तय करेंगे कि कौन-कौन से इलाके चुनाव के दृष्टिकोण से संवेदनशील है तथा कहां पर सुधार की गुंजाइश है।
इस बैठक के दौरान आयोग राजनैतिक दलों से सुझाव भी लेगा ताकि राज्य के चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो सकें। उप निर्वाचन आयुक्त विनोद जुत्शी मंगलवार को जिलाधिकारियों और जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री कुरैशी गुरूवार को मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन गृह विभाग के प्रमुख सचिव और पुलिस महानिदेशक के साथ बैठक कर चुनाव की योजनाओं पर चर्चा करेंगे।
निर्वाचन आयोग के अधिकारी बुधवार को राजभवन में राजनीतिक दल के नेताओं से मुलाकात करेंगे। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी उमेश सिन्हा के अनुसार राजनीतिक दल के नेताओं से मिलने के बाद आयोग के अधिकारी चुनाव की तैयारियों के सिलसिले में आयुक्त और जिलाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। उत्तर प्रदेश आने वाले अन्य अधिकारियों में निर्वाचन आयुक्त वी.एस. सम्पत, एच.एस. ब्रहमा, उप निर्वाचन आयुक्त विनोद जुत्शी और निर्वाचन आयोग के महानिदेशक अक्षय राउत शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications