70 साल की मोस्टवांटेड महिला गिरफ्तार

एमपी रोही निवासी साधु सिंह ने कुछ माह पहले अपने बेटे गोरखा राम की शादी गंगानगर (राजस्थान) स्थित गांव घड़साना निवासी छिंद्र कौर से की थी। छिंद्र कौर तलाकशुदा है। उसकी शादी पांच साल पहले घड़साना के ही संपूर्ण सिंह के साथ हुई थी। छिंद्र कौर के पहले भी तीन बेटियां हैं, जो संपूर्ण सिंह के पास हैं। संपूर्ण सिंह अपराधी है, इसलिए छिंद्र कौर ने उसके साथ रहने से मना कर दिया। दोनों का पंचायत में तलाक हो गया था, जिसके बाद छिंद्र कौर की शादी गोरखा से हो गई। संपूर्ण सिंह यह बात बर्दाश्त नहीं कर सका। छिंद्र कौर की शादी के बीस दिन बाद ही बीती 12 जून की रात को संपूर्ण सिंह अपने साथ करीब दर्जन लोगों को लेकर साधु सिंह के घर में घुस गया।
उक्त लोगों का इरादा परिवार का जो भी व्यक्ति सामने आए उसे मारना था। दुर्भाग्य से साधु सिंह मौके पर मिल गया। उन्होंने साधु सिंह को गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने गोरखा राम की शिकायत पर घड़साना निवासी संपूर्ण सिंह, उसके पिता गुरबचन सिंह, मां भागो देवी, मुखत्यार सिंह, भगतराम, अमरजीत, लाली देवी, अमृतपाल, राजू तथा सेवक आदि लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया था। अपने पूर्व पति संपूर्ण सिंह के डर से छिंद्र कौर अपने मायके घुड़साना में ही रह रही है।
पुलिस मुख्य आरोपी संपूर्ण सिंह को मान कर चल रही थी, लेकिन इसकी मास्टरमाइंड भागो देवी ही है। पुलिस भागो देवी के संभावित ठिकानों पर नजर रखे हुए थी। इत्तफाक से रविवार रात को वह घर में थी और इसकी भनक सदर पुलिस को लग गई। पुलिस ने उसे मौके पर जाकर काबू कर लिया। पुलिस के मुताबिक पूरा परिवार भागो देवी के इशारे पर ही काम करता है। इस मामले में पुलिस अब तक भागो देवी, उसके पति गुरबचन, रामस्वरूप व अमरजीत समेत चार लोगों को गिरफ्तार चुकी है। सभी आरोपी संपूर्ण सिंह के परिवार व रिश्तेदारों में से हैं। अन्य आरोपी 40 से 50 साल के बीच हैं। पुलिस ने अमरजीत व भागो देवी को अदालत में पेश किया। अदालत ने दोनों को जेल भेज दिया।












Click it and Unblock the Notifications